लीबिया के मिलिट्री चीफ लेफ्टिनेंट जनरल मोहम्मद अली अहमद अल-हद्दाद की तुर्की में एक विमान दुर्घटना में मौत हो गई।
यह हादसा उस समय हुआ, जब वह आधिकारिक यात्रा पर तुर्की पहुंचे थे। इस दुर्घटना में उनके साथ चार अन्य लीबियाई सैन्य अधिकारी और तीन क्रू मेंबर भी मारे गए। विमान में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई है।
तुर्की की राजधानी अंकारा से उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, लीबियाई अधिकारियों ने प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना की वजह तकनीकी खराबी बताई है, हालांकि तुर्की प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।
हादसे का शिकार हुआ विमान फाल्कन 50 जेट था। इसका मलबा मध्य अंकारा से करीब 40 मील दक्षिण-पश्चिम में स्थित हेमाना जिले में मिला। तुर्की के आंतरिक मंत्री अली येरलिकाया ने सोशल मीडिया पर बताया कि विमान ने रात करीब 8:30 बजे उड़ान भरी थी और लगभग 40 मिनट बाद उसका एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया। उन्होंने कहा कि संपर्क टूटने से पहले विमान ने हेमाना क्षेत्र के पास इमरजेंसी लैंडिंग का सिग्नल भेजा था।
स्थानीय टीवी चैनलों द्वारा प्रसारित CCTV फुटेज में रात के आसमान में अचानक तेज रोशनी और विस्फोट जैसा दृश्य दिखाई देता है, जिसे विमान हादसे से जोड़ा जा रहा है।
तुर्की अधिकारियों के अनुसार, लीबियाई सेना का यह प्रतिनिधिमंडल दोनों देशों के बीच सैन्य सहयोग बढ़ाने के उद्देश्य से उच्च स्तरीय रक्षा वार्ता के लिए अंकारा में मौजूद था। लीबिया के प्रधानमंत्री अब्दुल-हामिद दबीबा ने जनरल अल-हद्दाद और चार अन्य सैन्य अधिकारियों की मौत की पुष्टि की है। फेसबुक पर जारी बयान में उन्होंने कहा कि यह हादसा तब हुआ, जब प्रतिनिधिमंडल तुर्की से लौट रहा था। प्रधानमंत्री ने इस दुर्घटना को लीबिया के लिए “बड़ी क्षति” करार दिया है।
कौन थे लेफ्टिनेंट जनरल मोहम्मद अली अहमद अल-हद्दाद?
लेफ्टिनेंट जनरल अल-हद्दाद पश्चिमी लीबिया के शीर्ष सैन्य कमांडर थे। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थता में लीबिया की बंटी हुई सैन्य संरचना को एकजुट करने के प्रयासों में अहम भूमिका निभाई थी। वर्ष 2011 में नाटो समर्थित विद्रोह के बाद मुअम्मर गद्दाफी की सत्ता समाप्त होने के बाद से लीबिया राजनीतिक और सैन्य रूप से विभाजित रहा है।
हादसे में मारे गए अन्य अधिकारी
दुर्घटना में मारे गए अन्य वरिष्ठ अधिकारियों में लीबिया की जमीनी सेना के प्रमुख ब्रिगेडियर जनरल अल-फितौरी गरीबिल, सैन्य विनिर्माण प्राधिकरण के प्रमुख जनरल महमूद अल-कातावी, चीफ ऑफ स्टाफ के सलाहकार मोहम्मद अल-असावी दियाब और चीफ ऑफ स्टाफ कार्यालय के सैन्य फोटोग्राफर मोहम्मद उमर अहमद महजूब शामिल हैं।
Comments are closed.