पुतिन का बड़ा बयान: यूक्रेन युद्ध इस साल भी जारी रहेगा, शांति की कोशिशों पर सवाल
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने संकेत दिया है कि रूस-यूक्रेन युद्ध फिलहाल खत्म होने वाला नहीं है। पुतिन ने कहा कि यूक्रेन के मौजूदा रुख को देखते हुए संघर्ष समाप्त होने की कोई स्पष्ट तस्वीर नहीं बनती और लड़ाई इस वर्ष भी जारी रह सकती है।
पुतिन ने यह बात अपने नववर्ष संबोधन में कही। उन्होंने युद्ध में शामिल रूसी सैनिकों की बहादुरी और बलिदान की सराहना करते हुए कहा कि रूस अपने योद्धाओं की क्षमता, साहस और विजय में विश्वास रखता है।
सत्ता में 26 साल पूरे होने पर दिया संबोधन
31 दिसंबर पुतिन के लिए खास दिन भी रहा, क्योंकि इसी दिन उन्होंने रूस की सत्ता संभाले 26 वर्ष पूरे किए। इस मौके पर दिए गए संबोधन में उन्होंने युद्ध को लेकर अपने रुख को दोहराया।
ट्रंप-जेलेंस्की बातचीत के बाद आया बयान
पुतिन का यह बयान ऐसे समय में सामने आया है, जब हाल ही में फ्लोरिडा में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के बीच युद्ध समाप्ति को लेकर बातचीत हुई है। इसके अलावा, छह जनवरी को ट्रंप की यूरोपीय नेताओं से वार्ता प्रस्तावित है, जिससे शांति प्रयासों को लेकर उम्मीदें जगी थीं।
‘सम्मानजनक शांति चाहते हैं’—जेलेंस्की
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने भी साफ किया है कि वह रूस के आगे समर्पण नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि यूक्रेन शांति चाहता है, लेकिन किसी भी समझौते में देश के हितों और सम्मानजनक शर्तों से समझौता नहीं किया जाएगा।
ड्रोन हमले के दावे पर विवाद
इस बीच, यूरोपीय संघ ने आरोप लगाया है कि शांति वार्ता को विफल करने के लिए ही रूस ने पुतिन के आवास पर ड्रोन हमले की कोशिश का मुद्दा उठाया है। यूरोपीय संघ का दावा है कि रूस वास्तव में यूक्रेन युद्ध समाप्त करने के पक्ष में नहीं है।
हालांकि, अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA ने रूस के उस दावे को खारिज कर दिया है, जिसमें कहा गया था कि यूक्रेन ने 28–29 दिसंबर की रात पुतिन के नोवगोरोद स्थित आवास पर 91 ड्रोन से हमला करने की कोशिश की थी। CIA के मुताबिक, इस दावे की पुष्टि करने वाला कोई ठोस सबूत नहीं मिला है।
रूस का पलटवार
रूस ने CIA के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि वह जल्द ही यूक्रेनी ड्रोन हमले से जुड़े ठोस सबूत अमेरिका को सौंपेगा।
Comments are closed.