दिल्ली-एनसीआर की हवा में जहर बरकरार, AQI ‘बहुत खराब’; ठंड और स्मॉग से बढ़ी परेशानी
नए साल की शुरुआत भी दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए राहत नहीं लेकर आई। वर्ष के पहले दिन राजधानी और आसपास के इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बना रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, बीते 24 घंटे का औसत AQI 380 दर्ज किया गया। कुल 26 मॉनिटरिंग स्टेशन ‘बहुत खराब’ और 11 स्टेशन ‘गंभीर’ श्रेणी में रहे। सबसे अधिक प्रदूषण आनंद विहार में दर्ज किया गया, जहां AQI 423 रहा।
प्रदूषण के साथ-साथ कड़ाके की ठंड ने भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक था।
सुबह के समय कई इलाकों में कोहरा छाया रहा और दिनभर बादल मंडराते रहे। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बूंदाबांदी भी हुई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार के लिए मध्यम से बहुत घने कोहरे की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम हो गई, जिससे सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए।
मौसम विभाग के मुताबिक, 2 से 5 जनवरी के बीच अलग-अलग इलाकों में शीत लहर की स्थिति बनी रह सकती है। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट के भी आसार हैं।
प्रदूषण से राहत के संकेत फिलहाल नहीं दिख रहे हैं। डिसीजन सपोर्ट सिस्टम (DSS) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के प्रदूषण में परिवहन की हिस्सेदारी 11 प्रतिशत, उद्योग और निर्माण की 1.3 प्रतिशत, सड़क धूल की 0.7 प्रतिशत और आवासीय स्रोतों की 2.9 प्रतिशत रही। वहीं, बाहरी स्रोतों में बुलंदशहर की 9.8 प्रतिशत, गौतम बुद्ध नगर की 6.6 प्रतिशत और फरीदाबाद की 4.1 प्रतिशत हिस्सेदारी दर्ज की गई।
शुक्रवार सुबह भी दिल्ली-एनसीआर एक बार फिर प्रदूषण की मोटी चादर में लिपटा नजर आया। नए साल के दूसरे दिन भी हवा की गुणवत्ता में कोई खास सुधार नहीं हुआ। कई प्रमुख इलाकों में AQI ‘बहुत खराब’ से ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज किया गया।
सबसे खराब स्थिति द्वारका की रही, जहां AQI 307 तक पहुंच गया। इसके बाद वसुंधरा (275), मुंडका (222), श्रीनिवासपुरी (180), सिरी फोर्ट (171), चांदनी चौक और जहांगीरपुरी (170-170), आनंद विहार (168), नोएडा सेक्टर-116 (160) और गुरुग्राम के टेरी ग्राम (156) में AQI दर्ज किया गया।
दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख इलाकों में AQI (शुक्रवार सुबह)
| इलाका | AQI |
|---|---|
| द्वारका | 307 |
| वसुंधरा | 275 |
| मुंडका | 222 |
| श्रीनिवासपुरी | 180 |
| सिरी फोर्ट | 171 |
| चांदनी चौक | 170 |
| जहांगीरपुरी | 170 |
| आनंद विहार | 168 |
| नोएडा, सेक्टर-116 | 160 |
| टेरी ग्राम, गुरुग्राम | 156 |
इन आंकड़ों से साफ है कि दिल्ली-एनसीआर के अधिकांश इलाकों में हवा की हालत बेहद खराब बनी हुई है, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत और स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों का सामना करना पड़ रहा है।
Comments are closed.