मुस्ताफिज़ुर रहमान के कोलकाता नाइट राइडर्स और आईपीएल से बाहर होने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने सोमवार रात करीब 9:30 बजे एक आपात बैठक बुलाई।
बोर्ड डायरेक्टर्स की वर्चुअल मीटिंग के बाद BCB मीडिया कमिटी के चेयरमैन अमज़द हुसैन ने ESPNcricinfo से कहा कि कोलकाता में होने वाले वर्ल्ड कप मैचों को लेकर बोर्ड अपनी चिंताओं से ICC को अवगत कराएगा। अमज़द हुसैन ने कहा, “हमें कोलकाता में वर्ल्ड कप के तीन मैच खेलने हैं। आज जो घटनाक्रम हुआ है, उसके बारे में हम ICC को पत्र लिखेंगे।”
इस बीच, बांग्लादेश के खेल मंत्रालय के सलाहकार डॉ. आसिफ़ नज़रूल ने अपने आधिकारिक फेसबुक पोस्ट में इस पूरे घटनाक्रम की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने कोलकाता नाइट राइडर्स को निर्देश दिया, जिसके बाद बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्ताफ़िज़ुर रहमान को टीम से बाहर किया गया। डॉ. नज़रूल ने इस फैसले की निंदा करते हुए इसे “अस्वीकार्य” बताया।
अपने पोस्ट में उन्होंने आगे लिखा कि खेल मंत्रालय के सलाहकार के तौर पर उन्होंने BCB से कहा है कि वह पूरा मामला ICC के सामने रखे। उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई बांग्लादेशी खिलाड़ी अनुबंध के बावजूद भारत में खेलने में खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करता, तो पूरी बांग्लादेश क्रिकेट टीम के लिए भी वर्ल्ड कप के दौरान सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े होते हैं। डॉ. नज़रूल के अनुसार, उन्होंने बोर्ड को यह भी निर्देश दिया है कि वर्ल्ड कप के बांग्लादेश के मैचों को श्रीलंका में कराने का अनुरोध ICC से किया जाए।
हालांकि, इस आपात बैठक से पहले अमज़द हुसैन ने अपेक्षाकृत संयमित बयान देते हुए कहा था कि बोर्ड को किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले आधिकारिक जानकारी का इंतजार करना चाहिए। उन्होंने कहा, “हमें यह मानकर नहीं चलना चाहिए कि हमारे साथ अलग व्यवहार किया जा रहा है। ऐसा अनुभव हमें पहले कभी नहीं हुआ है। हमें BCCI से अभी तक कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। जब तक स्थिति स्पष्ट नहीं होती, तब तक कोई फैसला नहीं लिया जा सकता। हमारे खिलाड़ियों की गरिमा और सुरक्षा हमेशा हमारी प्राथमिकता रहेगी और सही समय पर उचित फैसला लिया जाएगा।”
टी-20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश को ग्रुप-C में रखा गया है, जिसमें इंग्लैंड, इटली, नेपाल और वेस्ट इंडीज़ भी शामिल हैं। टूर्नामेंट शेड्यूल के अनुसार, बांग्लादेश को कोलकाता में 7 फरवरी को वेस्ट इंडीज़, 9 फरवरी को इटली और 14 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ मैच खेलने हैं। वहीं, ग्रुप का चौथा मुकाबला बांग्लादेश को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में नेपाल के खिलाफ खेलना है।
Comments are closed.