जब ट्रंप देख रहे थे लाइव: मादुरो को पकड़ने के लिए अमेरिका का 2 घंटे 20 मिनट का हाई-रिस्क ऑपरेशन

3

अंधेरी रात के सन्नाटे को चीरते धमाकों से कराकास की कई इमारतों की खिड़कियां कांप उठीं।

आसमान में मंडराते हेलिकॉप्टरों से उड़ती धूल और उनसे उतरते अमेरिकी स्पेशल फोर्स के जवान—यही वह दृश्य था, जब अमेरिका ने वेनेजुएला में अपना विशेष सैन्य अभियान शुरू किया। ऑपरेशन के दौरान राजधानी के कई हिस्सों में बिजली गुल हो गई। इसी रात अमेरिकी स्पेशल फोर्स ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को उनके सुरक्षित ठिकाने से बाहर निकालकर हिरासत में ले लिया, ऐसा मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है। इस हाई-प्रोफाइल मिशन को वाशिंगटन ने “ऑपरेशन एब्सोल्यूट रिज़ॉल्व” नाम दिया था, जिसे तत्कालीन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप फ्लोरिडा स्थित मार-ए-लागो क्लब से लाइव मॉनिटर कर रहे थे।

महीनों की निगरानी और सेफ हाउस की रिहर्सल

रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने महीनों तक मादुरो की दिनचर्या पर बारीकी से नजर रखी। वे कहां रहते हैं, कहां सोते हैं, क्या खाते हैं और किन रास्तों का इस्तेमाल करते हैं—हर पहलू को विस्तार से मैप किया गया। तैयारी का स्तर इतना व्यापक था कि कराकास स्थित मादुरो के सेफ हाउस का फुल-साइज रेप्लिका तैयार कर उसमें एंट्री और एग्ज़िट रूट्स की रिहर्सल की गई, ठीक उसी तरह जैसी ओसामा बिन लादेन ऑपरेशन से पहले की गई थी। दिसंबर की शुरुआत में ऑपरेशन का ब्लूप्रिंट अंतिम रूप ले चुका था, जबकि लॉन्च का समय मौसम और क्लाउड कवर को ध्यान में रखकर तय किया गया। क्रिसमस से न्यू ईयर के बीच अमेरिकी फोर्सेज ‘ट्रिगर अलर्ट’ पर रहीं और अंततः शुक्रवार रात ट्रंप के आदेश के बाद अभियान शुरू किया गया।

हवा-जमीन-समुद्र से 2 घंटे 20 मिनट का अभियान

ऑपरेशन की शुरुआत हवाई कार्रवाई से हुई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 20 अलग-अलग बेस से उड़ान भरते हुए 150 से अधिक एयरक्राफ्ट—जिनमें F-22, F-35, F/A-18, EA-18, B-1 बॉम्बर और ड्रोन शामिल थे—ने एयर डिफेंस सिस्टम और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया, ताकि लो-लेवल हेलिकॉप्टरों के लिए सुरक्षित कॉरिडोर बनाया जा सके। कराकास के La Carlota एयरफील्ड और Port La Guaira समेत कई इलाकों में विस्फोट और धुएं के गुबार देखे गए। स्थानीय समय के अनुसार, रात करीब 2 बजे तेज धमाकों की आवाजें सुनी गईं और आसमान में विमानों व हेलिकॉप्टरों की आवाजाही देखी गई। इस दौरान शहर के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। ट्रंप ने दावा किया कि एक “विशेष तकनीकी क्षमता” के ज़रिये लाइट्स बंद की गईं, जिससे अंधेरे का फायदा उठाकर फोर्सेज ऑपरेशन को अंजाम दे सकें।

Comments are closed.