दिल्ली-एनसीआर समेत लगभग पूरे उत्तर भारत में देर से ही सही, लेकिन सर्दी ने अब अपना पूरा असर दिखाना शुरू कर दिया है।
सुबह होते ही दिल्ली-एनसीआर और आसपास के इलाकों में घने कोहरे की चादर छा जा रही है। बीते कुछ दिनों से सड़कें धुंध में गायब रहीं, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हुआ और लोग कड़ाके की ठंड से बचने के लिए घरों में सिमटने को मजबूर हैं। पहाड़ी इलाकों में जारी बर्फबारी के चलते मैदानी क्षेत्रों में शीतलहर ने जनजीवन को मुश्किल बना दिया है।
आने वाले दिनों में और बढ़ेगी ठंड
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिन और चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। 4 से 7 जनवरी के बीच दिल्ली-एनसीआर में शीतलहर चलने की संभावना है, जबकि पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भी ठंड का प्रकोप बढ़ सकता है। रविवार के लिए दिल्ली में घने कोहरे को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।
रविवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक रहा, जबकि अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से करीब दो डिग्री कम है।
आयानगर में न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लोधी रोड पर अधिकतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह के समय कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम रही। सफदरजंग में सुबह नौ बजे विजिबिलिटी 800 मीटर दर्ज की गई, जो बाद में बढ़कर 1,200 मीटर तक पहुंची।
अगले सात दिन कोहरे का असर
IMD के मुताबिक, अगले सात दिनों तक उत्तर भारत के कई हिस्सों में घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान में कोहरे का प्रभाव बना रहेगा। 4 से 8 जनवरी के बीच पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में शीतलहर की स्थिति रह सकती है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में ‘कोल्ड डे’ की चेतावनी जारी की गई है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में कई स्थानों पर तापमान सामान्य से नीचे चला गया है।
देश के अन्य हिस्सों में मौसम का हाल
तापमान में और गिरावट के संकेत भी हैं। उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। मध्य भारत में अगले चार दिनों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान है। पूर्वी भारत में भी 24 घंटे बाद तापमान में कमी देखी जा सकती है। वहीं, गुजरात में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी संभव है।
IMD की सलाह
कोहरे और शीतलहर के चलते परिवहन सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। उड़ानों और ट्रेनों में देरी हो रही है, वहीं सड़कों पर दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक, ठंड के कारण सर्दी-जुकाम और सांस संबंधी बीमारियों का जोखिम बढ़ सकता है। IMD ने लोगों को सतर्क रहने, गर्म कपड़े पहनने और गैर-ज़रूरी यात्रा से बचने की सलाह दी है।
Comments are closed.