वेनेजुएला पर अमेरिकी कार्रवाई के बाद देश में राजनीतिक उथल-पुथल तेज हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिकी सेना राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को काराकास से न्यूयॉर्क ले गई है।
इसके बाद सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हुआ कि मौजूदा हालात में वेनेजुएला की सत्ता किसके हाथ में होगी। इस बीच, देश की शीर्ष अदालत ने अंतरिम प्रशासन को लेकर आदेश जारी किया है। शीर्ष अदालत ने उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज को कार्यवाहक राष्ट्रपति नियुक्त करने का निर्देश दिया है। अदालत के मुताबिक, हालात सामान्य होने तक डेल्सी रोड्रिग्ज देश की बागडोर संभालेंगी।
शीर्ष अदालत का आदेश
अदालत ने अपने फैसले में कहा,
“प्रशासनिक निरंतरता बनाए रखने और राष्ट्र की समग्र सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज बोलिवेरियन गणराज्य वेनेजुएला के राष्ट्रपति पद का कार्यभार ग्रहण करेंगी।”
2018 से उपराष्ट्रपति हैं डेल्सी रोड्रिग्ज
डेल्सी रोड्रिग्ज वर्ष 2018 से वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति हैं। इस दौरान उन्होंने सरकार के अहम विभागों, खासकर अर्थव्यवस्था और आंतरिक प्रशासन से जुड़े मामलों की निगरानी की है। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी वे सरकार की प्रमुख प्रतिनिधि रही हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि सत्ता हस्तांतरण की किसी भी अस्थायी व्यवस्था में उनकी भूमिका अहम मानी जाती रही है।
सत्ता संभालने पर डेल्सी का रुख
रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से फोन पर बातचीत के बाद डेल्सी रोड्रिग्ज ने अंतरिम राष्ट्रपति के तौर पर जिम्मेदारी संभालने पर सहमति जताई है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था अस्थायी है और उनके मुताबिक निकोलस मादुरो ही वेनेजुएला के वैध राष्ट्रपति बने रहेंगे।
Comments are closed.