ट्रंप ने मोदी की तारीफ की, साथ ही टैरिफ को लेकर दी चेतावनी

1

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को एक बार फिर टैरिफ बढ़ाने की चेतावनी दी है।

ट्रंप ने कहा है कि यदि नई दिल्ली रूस से तेल का आयात जारी रखती है, तो वाशिंगटन भारत पर अतिरिक्त टैरिफ लगा सकता है। हालांकि, इस चेतावनी के साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की व्यक्तिगत तौर पर सराहना भी की।

रविवार को एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा, “अगर भारत रूसी तेल के मुद्दे पर मदद नहीं करता है, तो हम उस पर टैरिफ बढ़ा सकते हैं।” उन्होंने यह भी दावा किया कि भारत ने रूस से कच्चे तेल की खरीद में हाल के महीनों में कमी की है।

प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए ट्रंप ने कहा, “पीएम मोदी बहुत अच्छे व्यक्ति हैं। उन्हें पता था कि मैं इस मुद्दे से खुश नहीं था और वे मुझे खुश करना चाहते थे। वे व्यापार करते हैं और हम बहुत जल्दी टैरिफ बढ़ा सकते हैं।”

चेतावनी की टाइमिंग पर सवाल

ट्रंप की यह टिप्पणी ऐसे समय पर आई है, जब रूस के साथ भारत के ऊर्जा व्यापार को लेकर अमेरिका में निगरानी और राजनीतिक बहस तेज हो रही है। भारत लगातार यह दोहराता रहा है कि उसकी तेल खरीद घरेलू ऊर्जा जरूरतों के अनुरूप है और किसी भी अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन नहीं करती।

यह बयान ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी के बीच हाल में हुई टेलीफोन बातचीत के कुछ सप्ताह बाद आया है। उस बातचीत में दोनों नेताओं ने टैरिफ से जुड़े मतभेदों के बावजूद द्विपक्षीय व्यापार संबंधों को आगे बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया था।

व्यापार वार्ता और टैरिफ विवाद

भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से व्यापार से जुड़े मुद्दों पर बातचीत चल रही है। पिछले वर्ष की शुरुआत में इन वार्ताओं को गति मिली थी, लेकिन अमेरिका द्वारा भारतीय उत्पादों पर टैरिफ लगाए जाने के बाद इसमें रुकावट आई। फिलहाल अमेरिका भारत से आयात होने वाले कुछ उत्पादों पर 50 प्रतिशत तक टैरिफ लागू कर चुका है।

इस बीच, भारत में अमेरिकी दूतावास ने भी हाल ही में सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री मोदी के लिए ट्रंप की सराहना का जिक्र किया था। एक पोस्ट में ट्रंप ने भारत को “एक अद्भुत देश” बताया और कहा कि अमेरिका को मोदी के रूप में “एक महान मित्र” मिला है।

Comments are closed.