मादुरो ने स्विट्जरलैंड को क्यों बेचा अरबों का सोना? तीन साल में वेनेजुएला ने 113 मीट्रिक टन भेजा

3

वेनेजुएला ने अपदस्थ राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के शासनकाल में लगभग 4.14 अरब स्विस फ्रैंक (लगभग 5.20 अरब डॉलर या 4,508 करोड़ रुपये) मूल्य का सोना स्विट्जरलैंड भेजा।

सीमा शुल्क विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 2013 से 2016 तक दक्षिण अमेरिकी देश ने 113 मीट्रिक टन सोना स्विट्जरलैंड को निर्यात किया।

क्यों बेचा गया सोना?
स्विस प्रसारक SRF के अनुसार यह सोना वेनेजुएला के केंद्रीय बैंक से आया था, जब सरकार अर्थव्यवस्था को सहारा देने और विदेशी मुद्रा जुटाने के लिए सोने की बिक्री कर रही थी। आंकड़ों के मुताबिक, 2017 में यूरोपीय संघ द्वारा प्रतिबंध लगाए जाने के बाद से 2025 तक वेनेजुएला से स्विट्जरलैंड को सोने का कोई निर्यात नहीं हुआ।

स्विट्जरलैंड ने मादुरो की संपत्ति फ्रीज की
तीन जनवरी को कराकास में अमेरिकी विशेष बलों ने मादुरो को गिरफ्तार किया। न्यूयॉर्क की अदालत में उन पर ड्रग्स तस्करी और नार्को-आतंकवाद समेत कई आरोप लगाए गए। इसके बाद सोमवार को स्विट्जरलैंड ने मादुरो और उनके 36 सहयोगियों की देश में मौजूद संपत्तियों को फ्रीज करने का आदेश दिया। हालांकि, इन निधियों का मूल्य या स्रोत अभी सार्वजनिक नहीं किया गया।

स्विट्जरलैंड क्यों?
SRF की रिपोर्ट के अनुसार, वेनेजुएला का सोना संभवतः प्रसंस्करण, प्रमाणीकरण और आगे परिवहन के लिए स्विट्जरलैंड भेजा गया था। यह देश विश्व के सबसे बड़े सोने के शोधन केंद्रों में से एक है, जहां पांच बड़ी शोधन इकाइयां स्थित हैं।

अमेरिकी प्रतिबंधों और आर्थिक दबावों के चलते, वेनेजुएला के केंद्रीय बैंक ने अपने सोने के भंडार का बिक्री कर देश की अर्थव्यवस्था को सहारा देने का रास्ता चुना।

Comments are closed.