सीरिया में अमेरिका की हवाई कार्रवाई, ISIS के ठिकानों पर किए गए एयर स्ट्राइक

2

अमेरिका ने सीरिया में इस्लामिक स्टेट (ISIS) के खिलाफ बड़े पैमाने पर एयर स्ट्राइक करते हुए उसके कई ठिकानों को निशाना बनाया है।

इसके साथ ही अमेरिका ने आतंकी संगठन के खिलाफ जवाबी सैन्य कार्रवाई का एक नया दौर शुरू कर दिया है। यह हमला पिछले महीने सीरिया में हुए उस हमले के जवाब में किया गया है, जिसमें दो अमेरिकी सैनिकों और एक अमेरिकी नागरिक दुभाषिये की मौत हो गई थी।

यूएस सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के मुताबिक, अमेरिका और उसके सहयोगी बलों ने मिलकर सीरिया के विभिन्न इलाकों में इस्लामिक स्टेट के कई ठिकानों पर सटीक हमले किए। ट्रंप प्रशासन के नेतृत्व में शनिवार को की गई यह कार्रवाई पिछले महीने पल्मायरा में हुए घातक ISIS हमले का जवाब है। उस हमले में सार्जेंट एडगर ब्रायन टोरेस-टोवर, सार्जेंट विलियम नथानिएल हॉवर्ड और अमेरिकी नागरिक दुभाषिये अयाद मंसूर सकात की जान गई थी।

यूएस सेंट्रल कमांड का सख्त संदेश
CENTCOM ने एक बयान में कहा, “हमारा संदेश बिल्कुल साफ है—अगर आप हमारे सैनिकों को नुकसान पहुंचाते हैं, तो हम आपको दुनिया में कहीं भी ढूंढ निकालेंगे और मार गिराएंगे। न्याय से बचने की आपकी हर कोशिश नाकाम होगी।”

इससे एक दिन पहले सीरिया के अधिकारियों ने दावा किया था कि उन्होंने लेवांत क्षेत्र में ISIS के सैन्य अभियानों के एक वरिष्ठ नेता को गिरफ्तार किया है। वहीं अमेरिकी सेना ने स्पष्ट किया कि शनिवार के एयर स्ट्राइक सहयोगी बलों के साथ मिलकर किए गए, हालांकि इसमें शामिल देशों या संगठनों के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए।

ऑपरेशन हॉकआई स्ट्राइक’ के तहत कार्रवाई
पल्मायरा हमले के जवाब में चलाए जा रहे इस अभियान को ‘ऑपरेशन हॉकआई स्ट्राइक’ नाम दिया गया है। मृतक दोनों अमेरिकी सैनिक आयोवा नेशनल गार्ड के सदस्य थे। इस ऑपरेशन की शुरुआत 19 दिसंबर को हुई थी, जब मध्य सीरिया में ISIS के बुनियादी ढांचे और हथियारों से जुड़े करीब 70 ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हमले किए गए थे।

कुर्द नेतृत्व वाली सीरियन डेमोक्रेटिक फोर्सेज (SDF) लंबे समय से सीरिया में ISIS के खिलाफ अमेरिका की प्रमुख सहयोगी रही है। हालांकि दिसंबर 2024 में पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद के सत्ता से हटने के बाद अमेरिका ने सीरिया की नई सरकार के साथ समन्वय बढ़ा दिया है। हाल ही में सीरिया भी इस्लामिक स्टेट के खिलाफ वैश्विक गठबंधन में शामिल हुआ है।

Comments are closed.