अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म TRUTH पर एक चौंकाने वाली पोस्ट साझा की है।
इस पोस्ट में उन्होंने खुद को “Acting President of Venezuela” बताया। ट्रंप की पोस्ट में एक एडिटेड विकिपीडिया पेज दिखाया गया है, जिसमें उन्हें जनवरी 2026 से वेनेजुएला का मौजूदा राष्ट्रपति दर्शाया गया है। ट्रंप की यह पोस्ट सोशल मीडिया और अंतरराष्ट्रीय राजनीति में तीखी चर्चा का विषय बन गई है।

अमेरिका द्वारा वेनेजुएला सरकार गिराने का दावा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जनवरी की शुरुआत में अमेरिका ने वेनेजुएला सरकार को गिराने के लिए बड़े पैमाने पर सैन्य कार्रवाई की। इस कथित ऑपरेशन के दौरान राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और फर्स्ट लेडी सिलिया फ्लोरेस को गिरफ्तार किए जाने का दावा किया गया।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका तब तक वेनेजुएला का प्रशासन संभालेगा, जब तक वहां “सुरक्षित और निष्पक्ष सत्ता हस्तांतरण” सुनिश्चित नहीं हो जाता। हालांकि, वेनेजुएला के सुप्रीम कोर्ट ने मादुरो की उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज को अंतरिम राष्ट्रपति नियुक्त करने की घोषणा की है।
तेल संसाधनों पर ट्रंप का जोर
ट्रंप ने चेतावनी दी है कि यदि मादुरो के करीबी लोग अमेरिकी शर्तों का पालन नहीं करते, तो आगे भी सैन्य कार्रवाई की जा सकती है। इन शर्तों में सबसे अहम मुद्दा वेनेजुएला के तेल संसाधनों पर नियंत्रण बताया जा रहा है।
ट्रंप का दावा है कि अमेरिका 50 मिलियन बैरल वेनेजुएला क्रूड ऑयल को रिफाइन कर अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेचने की योजना बना रहा है। इसी कड़ी में अमेरिकी बलों द्वारा वेनेजुएला से जुड़े कई ऑयल टैंकर जब्त किए जाने की भी खबरें हैं।
अमेरिकी योजना के तीन चरण
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि वेनेजुएला के लिए एक तीन-चरणीय योजना तैयार की गई है।
पहले चरण में मादुरो की गिरफ्तारी के बाद देश को स्थिर करना,
दूसरे चरण में रिकवरी प्रक्रिया के तहत अमेरिकी तेल कंपनियों को एक्सेस देना,
और तीसरे चरण में सत्ता हस्तांतरण की निगरानी करना शामिल है।
रुबियो ने कहा, “अब हमारे पास ऐसा प्रोसेस है जिससे अंतरिम सरकार पर पूरा नियंत्रण और दबाव बनाए रखा जा सकता है।”
Comments are closed.