मकर संक्रांति से पहले प्रयागराज संगम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़, लाखों ने लगाई आस्था की डुबकी

5

मकर संक्रांति स्नान पर्व को मानते हुए प्रयागराज के पवित्र संगम पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

भोर से ही संगम और अन्य स्नान घाटों पर देशभर से आए श्रद्धालु पहुंचने लगे और आस्था की डुबकी लगाई। मौसम साफ रहने और कोहरे के न होने से श्रद्धालुओं को स्नान में सुविधा मिली।

अनुमान के मुताबिक सुबह सात बजे तक करीब दो लाख श्रद्धालु संगम में स्नान कर चुके थे, हालांकि प्रशासन की ओर से आधिकारिक आंकड़े अभी जारी नहीं किए गए हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए घाटों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई।

भोर का अंधेरा छंटते ही भगवान सूर्यदेव ने लालिमा बिखेरते हुए दर्शन दिए, जिससे स्नान करने वालों में उत्साह और बढ़ गया। श्रद्धालुओं ने सूर्यदेव को जल अर्पित किया और “ॐ सूर्याय नमः” का जाप करते हुए संगम में स्नान किया।

संगम नोज पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी सुबह से ही मुस्तैद रहे। अधिकारियों ने लगातार निगरानी रखी और भीड़ प्रबंधन के तहत घाटों को समय-समय पर खाली कराने के निर्देश दिए। सुबह का उजाला होने तक स्नान शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न होता रहा।

Comments are closed.