उत्तराखंड में शुष्क मौसम के चलते तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
दिन के समय तेज धूप खिलने से गर्मी का अहसास होने लगा है, जबकि सुबह और शाम की ठंड अब भी बनी हुई है। पर्वतीय क्षेत्रों में भी शुष्क मौसम के कारण दिन में हल्की गर्माहट महसूस की जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि, गुरुवार को पर्वतीय इलाकों में मौसम बदल सकता है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं।
मंगलवार को देहरादून और आसपास के इलाकों में चटक धूप रही, जिससे दिन के तापमान में इजाफा हुआ। इसके बावजूद सुबह और शाम के समय ठंड का असर बना रहा। शुष्क मौसम के कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब साढ़े छह डिग्री सेल्सियस अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया। मंगलवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
उधम सिंह नगर में अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पर्वतीय क्षेत्रों में मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 15.5 और न्यूनतम 1.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि नई टिहरी में अधिकतम तापमान 15.1 और न्यूनतम 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने आज प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं पाला पड़ने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
गुरुवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, देहरादून, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 2800 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी के भी आसार हैं। अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
Comments are closed.