सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी स्टारर फिल्म ‘बॉर्डर 2’ ने रिलीज़ के पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर दमदार दस्तक दी है।
23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई इस फिल्म को दर्शकों से ज़बरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। 29 साल बाद आए इस बहुप्रतीक्षित सीक्वल ने ओपनिंग डे पर कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है, जिनमें आदित्य धर की ‘धुरंधर’ भी शामिल है। हालांकि, यह फिल्म अनिल शर्मा की ‘गदर 2’, विक्की कौशल की ‘छावा’ और शाहरुख खान की ‘पठान’ के पहले दिन के कलेक्शन को पार नहीं कर सकी।
अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी ‘बॉर्डर 2’ करीब 275 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट में तैयार हुई है। फिल्म में सबसे ज्यादा फीस सनी देओल ने ली है, जो करीब 50 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मेकर्स ने इसे गणतंत्र दिवस वीकेंड पर रिलीज़ किया है, जिसका सीधा फायदा फिल्म को मिल रहा है। 1971 के भारत-पाक युद्ध की पृष्ठभूमि पर बनी इस देशभक्ति फिल्म ने एडवांस बुकिंग से ही 12.50 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया था और रिलीज़ के बाद पहले ही दिन शानदार कमाई दर्ज की।
‘बॉर्डर 2’ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन – डे 1
Sacnilk के मुताबिक, सनी देओल की पहली फिल्म ‘बॉर्डर’ (1997) ने अपने ओपनिंग डे पर सिर्फ 1.10 करोड़ रुपये की कमाई की थी और इसका लाइफटाइम नेट कलेक्शन 39.30 करोड़ रुपये रहा था। वहीं, ‘बॉर्डर 2’ ने रिलीज़ के पहले ही दिन यानी शुक्रवार को भारत में करीब 30 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है। इसके साथ ही यह दूसरी सबसे बड़ी रिपब्लिक डे हिंदी ओपनर बन गई है।
रिपब्लिक डे पर टॉप ओपनिंग फिल्में
रिपब्लिक डे के मौके पर रिलीज़ हुई सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्मों की बात करें तो इस लिस्ट में अब भी शाहरुख खान की ‘पठान’ टॉप पर बनी हुई है।
- पठान – ₹55.00 करोड़
- बॉर्डर 2 – ₹30.00 करोड़
- फाइटर – ₹22.50 करोड़
- अग्निपथ – ₹22.80 करोड़
- रईस – ₹20.40 करोड़
- पद्मावत – ₹19.00 करोड़
- ‘धुरंधर’ से बड़ी ओपनिंग
ओपनिंग डे के कलेक्शन के मामले में ‘बॉर्डर 2’ ने रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ को पीछे छोड़ दिया है। जहां ‘धुरंधर’ ने पहले दिन 28 करोड़ रुपये कमाए थे, वहीं ‘बॉर्डर 2’ ने इससे करीब 2 करोड़ रुपये ज्यादा की कमाई की है। हालांकि, 2025 की सबसे बड़ी ओपनिंग का रिकॉर्ड अब भी विक्की कौशल की ‘छावा’ के नाम है, जिसने पहले दिन 31 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था।
‘गदर 2’ का रिकॉर्ड नहीं तोड़ सकी
सनी देओल अपनी ही सुपरहिट फिल्म ‘गदर 2’ का ओपनिंग डे रिकॉर्ड नहीं तोड़ सके। जहां ‘गदर 2’ ने एडवांस बुकिंग से 17.50 करोड़ रुपये और ओपनिंग डे पर 40.10 करोड़ रुपये की कमाई की थी, वहीं ‘बॉर्डर 2’ एडवांस बुकिंग में 12.50 करोड़ रुपये और पहले दिन 30 करोड़ रुपये तक ही पहुंच पाई। हालांकि, लंबे वीकेंड और 26 जनवरी की छुट्टी को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में फिल्म कई नए रिकॉर्ड बना सकती है।
Comments are closed.