सर्दी पहले ही लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही थी, अब बारिश ने हालात और बिगाड़ दिए हैं।
दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में बारिश के बाद तापमान में तेज़ गिरावट दर्ज की गई है। मैदानी इलाकों में शीतलहर का प्रकोप है, जबकि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी जारी है। इस बीच मौसम विभाग ने एक बार फिर देश के कई हिस्सों के लिए अलर्ट जारी किया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आज यानी 24 जनवरी को 8 राज्यों में मूसलाधार बारिश और तेज़ तूफान की चेतावनी दी गई है। यह मौसमी गतिविधि अगले 48 घंटे तक जारी रह सकती है।
8 राज्यों में बारिश और तूफान का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, केरल, लद्दाख और तमिलनाडु में भारी बारिश और तूफान की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 55 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने की संभावना है। वहीं 26 जनवरी को भी हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है।
12 जिलों में शीतलहर की चेतावनी
उत्तर भारत के 12 जिलों में शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश के मथुरा, प्रयागराज, आगरा, झांसी, अलीगढ़, अयोध्या और कानपुर में ठंड और बढ़ेगी। बारिश के बाद दिल्ली में भी शीतलहर का असर देखने को मिलेगा। गुरुग्राम और सोनीपत में तापमान और नीचे जा सकता है। इसके अलावा पंजाब के अमृतसर, पटियाला, बठिंडा, होशियारपुर और गुरदासपुर में भी ठंडी हवाएं चलेंगी, जिनकी रफ्तार 15 से 20 किमी प्रति घंटे रह सकती है।
दिल्ली का आज का मौसम
दिल्ली में आज बारिश की संभावना नहीं है और मौसम साफ रहेगा। हालांकि सुबह और रात के समय कड़ाके की ठंड पड़ेगी। राजधानी में अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
आपके शहर में आज कितना रहेगा तापमान?
| शहर | अधिकतम तापमान (24 जनवरी) | न्यूनतम तापमान (24 जनवरी) |
| दिल्ली | 17°C | 05°C |
| मुंबई | 27°C | 22°C |
| कोलकाता | 26°C | 16°C |
| चेन्नई | 27°C | 25°C |
| लखनऊ | 22°C | 12°C |
| पटना | 23°C | 13°C |
| रांची | 25°C | 12°C |
| भोपाल | 22°C | 13°C |
| जयपुर | 17°C | 07°C |
| शिमला | 09°C | 01°C |
| नैनीताल | 14°C | 06°C |
उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश में आज मध्यम से भारी बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में और गिरावट आएगी। लखनऊ, गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ, हापुड़, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, मथुरा और आगरा में भी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
बिहार में कैसा रहेगा मौसम
बिहार में मौसम करवट लेने वाला है। पटना समेत आसपास के इलाकों में बादल छाए रहेंगे। सीमांचल और मिथिलांचल के जिलों में शीतलहर का असर बना रहेगा। पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, सहरसा और कटिहार में ठंडी हवाएं चल सकती हैं। वहीं खगड़िया, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी में सुबह के समय घना कोहरा छाने की आशंका है। पटना में अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
उत्तराखंड में अलर्ट जारी
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, उत्तरकाशी, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। देहरादून में आज अधिकतम तापमान 16 और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। नैनीताल में तापमान 14 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
हिमाचल प्रदेश का मौसम
हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हो सकता है। कुल्लू, शिमला, चंबा, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और लाहौल-स्पीति में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मनाली, कांगड़ा और कसौली में भारी बर्फबारी की चेतावनी दी गई है।
जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी
जम्मू-कश्मीर में आज भी भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है। पुंछ, जम्मू, श्रीनगर, सांबा, राजौरी और उधमपुर में अलर्ट जारी किया गया है। श्रीनगर में अधिकतम तापमान माइनस 1 और न्यूनतम माइनस 8 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
राजस्थान में शीतलहर का असर
राजस्थान में आज बारिश से राहत रहेगी, लेकिन कई जिलों में शीतलहर का प्रकोप रहेगा। जयपुर, सीकर, उदयपुर, झालावाड़, भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ में ठंड बढ़ने की चेतावनी दी गई है। जयपुर में अधिकतम तापमान 17 और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मध्य प्रदेश में बढ़ेगी ठंड
मध्य प्रदेश में अगले 72 घंटे के दौरान तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। पंचमढ़ी, शहडोल, खजुराहो, ग्वालियर, श्योपुर, दतिया, निवाड़ी और टीकमगढ़ में ठंड बढ़ सकती है। भोपाल में अधिकतम तापमान 22 और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
Comments are closed.