रायपुर में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में ईशान किशन ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 32 गेंदों पर 76 रन ठोक दिए।
उनकी इस पारी में 11 चौके और 4 छक्के शामिल थे। ईशान ने महज 21 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया, जो इस सीरीज की सबसे तेज़ फिफ्टी में से एक रही। इस दौरान उन्होंने अभिषेक शर्मा का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया, जिन्होंने पहले टी20 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 22 गेंदों में अर्धशतक लगाया था।
हालांकि, इतनी शानदार पारी के बावजूद ईशान किशन की भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में जगह अभी भी पूरी तरह सुरक्षित नहीं मानी जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीरीज के चौथे टी20 के बाद उन्हें एक बार फिर बेंच पर बैठना पड़ सकता है।
ईशान किशन की जगह क्यों खतरे में?
ईशान किशन ने मौजूदा मौके का भरपूर फायदा उठाया है, लेकिन जैसे ही तिलक वर्मा टीम में वापसी करेंगे, टीम कॉम्बिनेशन बदल सकता है। तिलक वर्मा भारतीय टीम के नंबर 3-4 के रेगुलर बल्लेबाज माने जाते हैं और हाल के समय में उन्होंने कई अहम पारियां खेलकर टीम को जीत दिलाई है। ऐसे में तिलक की फिटनेस मिलने के बाद प्लेइंग इलेवन में उनकी वापसी लगभग तय मानी जा रही है, जिसका असर सीधे ईशान किशन की जगह पर पड़ सकता है।
चोट के चलते बाहर हैं तिलक वर्मा
तिलक वर्मा टेस्टिकुलर टॉर्शन की समस्या से जूझ रहे हैं, जिसके चलते उन्हें सर्जरी करानी पड़ी थी। इसी वजह से वह न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के शुरुआती तीन मुकाबलों से बाहर हैं। फिलहाल तिलक बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए संकेत दिए हैं कि वह जल्द ही मैदान पर वापसी के लिए तैयार होंगे।
टी20 में तिलक वर्मा का शानदार रिकॉर्ड
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में तिलक वर्मा का प्रदर्शन काफी प्रभावशाली रहा है। उन्होंने अब तक 40 टी20 मैचों में 1183 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके नाम 2 शतक और 6 अर्धशतक दर्ज हैं। तिलक का स्ट्राइक रेट 144 का है और सबसे अहम बात यह कि उनका औसत लगभग 50 के करीब है, जो टी20 जैसे फॉर्मेट में उन्हें भारत के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में शामिल करता है।
Comments are closed.