अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप किसी भी कीमत पर ग्रीनलैंड पर अपना प्रभाव बढ़ाना चाहते हैं और इसी कोशिश में उन्होंने अपने सहयोगी देशों से भी टकराव मोल ले लिया है।
ग्रीनलैंड को लेकर ट्रंप और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के बीच तनाव अब खुलकर सामने आ गया है। दरअसल, ट्रंप ग्रीनलैंड में ‘गोल्डन डोम’ मिसाइल डिफेंस सिस्टम स्थापित करने की योजना पर काम कर रहे हैं, लेकिन इस प्रस्ताव का यूरोपीय देशों के साथ-साथ कनाडा ने भी विरोध किया है। इसी विरोध से नाराज़ ट्रंप ने कनाडा को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर ओटावा अमेरिका की जगह चीन के साथ अपने आर्थिक संबंध मजबूत करता है, तो बीजिंग उसे एक साल के भीतर ही “निगल” सकता है।
चीन से नजदीकी पर भड़के ट्रंप
हाल ही में स्विट्ज़रलैंड के दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दौरान कनाडा ने चीन के साथ एक बड़े व्यापार समझौते की घोषणा की थी और साथ ही ट्रंप की मिसाइल रक्षा प्रणाली पर सवाल भी उठाए थे। 17 जनवरी को प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने चीन के साथ नए ट्रेड डील का ऐलान किया, जिसे लेकर अमेरिका में नाराज़गी साफ दिखी।
चीन के साथ नया व्यापार समझौता
मार्क कार्नी ने कहा कि इस समझौते से कनाडा के कारोबार और श्रमिकों को बड़ा फायदा होगा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा,
“हमने चीन के साथ एक नया व्यापार समझौता किया है, जिससे कनाडाई श्रमिकों और व्यवसायों के लिए 7 अरब डॉलर से अधिक के निर्यात बाजार खुलेंगे।”
‘गोल्डन डोम’ कनाडा की भी करेगा रक्षा: ट्रंप
कनाडा और चीन के बीच बढ़ती नजदीकी को लेकर ट्रंप और अधिक आक्रामक हो गए। उन्होंने दावा किया कि ग्रीनलैंड में प्रस्तावित ‘गोल्डन डोम’ मिसाइल डिफेंस सिस्टम सिर्फ अमेरिका ही नहीं, बल्कि कनाडा की सुरक्षा भी करेगा। इसके बावजूद कनाडा द्वारा चीन को अमेरिका से ज्यादा “भरोसेमंद” साझेदार बताने पर ट्रंप ने कड़ी प्रतिक्रिया दी।
ट्रुथ सोशल पर दी चेतावनी
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर लिखा,
“कनाडा ग्रीनलैंड में गोल्डन डोम लगाने का विरोध कर रहा है, जबकि यह सिस्टम कनाडा की भी रक्षा करेगा। इसके बावजूद कनाडा चीन के साथ व्यापार के पक्ष में खड़ा है, जो उन्हें एक साल के भीतर ही हड़प लेगा।”
WEF मंच से भी साधा निशाना
इससे पहले वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के 56वें वार्षिक शिखर सम्मेलन में अपने संबोधन के दौरान ट्रंप ने प्रधानमंत्री कार्नी की आलोचना करते हुए कहा कि कनाडा को सुरक्षा सहित अमेरिका से मिलने वाली “मुफ्त सुविधाओं” के लिए ज्यादा आभारी होना चाहिए। उन्होंने दोहराया कि ‘गोल्डन डोम’ मिसाइल रक्षा प्रणाली न केवल अमेरिका बल्कि कनाडा को भी सुरक्षा कवच प्रदान करेगी।
Comments are closed.