मेडागास्कर में चक्रवात गेजानी का तांडव, 20 लोगों की मौत; 33 से ज्यादा घायल

1

हिंद महासागर में स्थित द्वीपीय देश मेडागास्कर में उष्णकटिबंधीय चक्रवात ‘गेजानी’ के तट से टकराने के बाद भारी तबाही हुई है। अधिकारियों के अनुसार अब तक 20 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 33 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

सबसे ज्यादा नुकसान पूर्वी बंदरगाह शहर टोमासिना में दर्ज किया गया है, जहां तेज हवाओं और इमारतों के गिरने से अधिकांश जानें गईं। राहत एजेंसियों के मुताबिक 15 लोग अब भी लापता हैं और करीब 2,700 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

195 किमी/घंटा से अधिक की रफ्तार

चक्रवात मंगलवार देर रात टोमासिना से टकराया। उस दौरान हवाओं की रफ्तार 195 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक दर्ज की गई। तेज हवाओं और भारी बारिश ने शहर के कई हिस्सों में व्यापक नुकसान पहुंचाया।

बुनियादी ढांचे को भारी क्षति

राष्ट्रीय जोखिम एवं आपदा प्रबंधन कार्यालय के अनुसार, बड़ी संख्या में मकान ढह गए और बिजली के खंभे उखड़ गए। शहर की लगभग 75 प्रतिशत आधारभूत संरचना को नुकसान पहुंचने की सूचना है। मंगलवार से टोमासिना में बिजली आपूर्ति बाधित है।

मेडागास्कर के मौसम विभाग ने बाढ़ और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए कई इलाकों में रेड अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

Comments are closed.