दिल्ली यूनिवर्सिटी में UGC कानून को लेकर बवाल, महिला यूट्यूबर से धक्का-मुक्की; छात्रों का आधी रात तक प्रदर्शन

1

देश की प्रतिष्ठित दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में शुक्रवार को यूजीसी कानून को लेकर विरोध और समर्थन के बीच तनाव की स्थिति बन गई।

प्रदर्शन के दौरान एक महिला सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर के साथ कथित धक्का-मुक्की और बदसलूकी का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि वह यूजीसी से जुड़े प्रस्तावित प्रावधानों पर छात्रों से सवाल पूछ रही थीं, तभी कुछ छात्रों ने आपत्ति जताई। आरोप है कि उनसे व्यक्तिगत सवाल किए गए और माहौल अचानक गरमा गया। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, भीड़ बढ़ने से स्थिति असहज हो गई और हल्की झड़प भी हुई। बाद में पुलिस ने हस्तक्षेप कर उन्हें वहां से सुरक्षित बाहर निकाला।

घटना के बाद कुछ छात्र संगठनों ने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और महिला सुरक्षा से जोड़ते हुए विरोध जताया। देर शाम मॉरिस नगर पुलिस स्टेशन के बाहर छात्रों का जमावड़ा लगा और नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारी संबंधित छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

इस बीच, यूजीसी कानून को लेकर देशभर में बहस जारी है। मामले में 19 तारीख को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई प्रस्तावित है। कैंपस की यह घटना एक बार फिर विश्वविद्यालयों में वैचारिक मतभेदों और संवाद की सीमाओं पर सवाल खड़े कर रही है।

Comments are closed.