फरीदाबाद में 15 जून से शुरू होगा SIR अभियान, 22 दिसंबर 2026 तक चलेगी प्रक्रिया

0

फरीदाबाद में मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और अद्यतन बनाने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान 15 जून से शुरू होगा।

यह प्रक्रिया 22 दिसंबर 2026 तक चलेगी। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त आयुष सिन्हा ने दी। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के तीसरे चरण के तहत यह अभियान चलाया जाएगा, जिसका उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और त्रुटिरहित बनाना है। इसके तहत मृत, स्थानांतरित और डुप्लीकेट नामों को हटाकर वास्तविक मतदाताओं का सही रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 326 के अनुसार केवल भारतीय नागरिक ही मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के पात्र हैं। आयोग यह सुनिश्चित करेगा कि कोई भी पात्र नागरिक सूची से वंचित न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति शामिल न हो।

अभियान के दौरान बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और आवश्यक दस्तावेजों की जांच करेंगे। इससे जमीनी स्तर पर डेटा की सटीकता सुनिश्चित की जाएगी।

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी मतदाता का नाम बिना उचित जांच और सुनवाई का अवसर दिए प्रारूप सूची से नहीं हटाया जाएगा। यदि किसी व्यक्ति को ईआरओ के निर्णय से आपत्ति होती है, तो वह जिला मजिस्ट्रेट और उसके बाद मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष अपील कर सकता है।

इसके अलावा, राज्य के बाहर से स्थानांतरित होकर आने वाले नागरिकों को मतदाता पंजीकरण के लिए प्रपत्र-6 के साथ एक अतिरिक्त घोषणा-पत्र भी जमा करना होगा।

Comments are closed.