इजरायल और लेबनान के बीच जारी तनाव के बीच दोनों देशों ने युद्धविराम समझौते को 45 दिनों के लिए और बढ़ाने पर सहमति जताई है।
इस समझौते में अमेरिका मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि क्षेत्र में संघर्ष को और फैलने से रोकने के लिए प्रयास जारी हैं। हालांकि, पहले हुए युद्धविराम के दौरान भी दक्षिणी लेबनान में इजरायली हमले पूरी तरह नहीं रुके थे। हिजबुल्ला के प्रभाव वाले इलाकों में इजरायली सेना और इस्लामी लड़ाकों के बीच कई बार झड़पें देखने को मिली थीं।
उधर, गाजा में इजरायल ने बड़ा सैन्य अभियान चलाते हुए हमास की सैन्य शाखा के प्रमुख इज्ज अल-दीन अल-हद्दाद को हवाई हमले में मार गिराने का दावा किया है। इजरायली सेना के मुताबिक हद्दाद गाजा सिटी में एक ठिकाने पर मौजूद था, जिसे निशाना बनाकर हमला किया गया।
बताया जा रहा है कि इस हमले में एक अपार्टमेंट और एक कार को निशाना बनाया गया, जिनमें से एक में हद्दाद मौजूद था। हमले में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि करीब 20 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
मई 2025 में मुहम्मद सिनवार के मारे जाने के बाद हद्दाद ने हमास की सैन्य कमान संभाली थी। इजरायल का आरोप है कि वह 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल पर हुए हमले की साजिश और उसे अंजाम देने में शामिल प्रमुख नेताओं में से एक था।
इजरायल के प्रधानमंत्री Benjamin Netanyahu ने कार्रवाई के बाद कहा कि हद्दाद इजरायली नागरिकों की हत्या में शामिल था और उसे खत्म करना जरूरी था। वहीं, हमास की ओर से अभी तक हद्दाद की मौत पर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। लगातार बढ़ते संघर्ष के बीच क्षेत्र में तनाव और गहरा गया है।
Comments are closed.