कामी रीता शेरपा ने 32वीं बार फतह किया एवरेस्ट, बनाया नया विश्व रिकॉर्ड

1

नेपाल के प्रसिद्ध पर्वतारोही Kami Rita Sherpa ने एक बार फिर इतिहास रचते हुए माउंट एवरेस्ट पर 32वीं बार सफल चढ़ाई की है।

इसके साथ ही उन्होंने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर सबसे अधिक बार पहुंचने का अपना ही विश्व रिकॉर्ड और मजबूत कर लिया। 56 वर्षीय कामी रीता रविवार सुबह 10:12 बजे 8,849 मीटर ऊंचे एवरेस्ट शिखर पर पहुंचे। वह 14 पीक्स एक्सपेडिशन के अभियान दल का नेतृत्व कर रहे थे। एवरेस्ट बेस कैंप स्थित पर्यटन विभाग के फील्ड कार्यालय ने उनकी सफल चढ़ाई की पुष्टि की।

नेपाल के पर्यटन विभाग ने कामी रीता को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि देश के पर्वतारोहण क्षेत्र और उसकी वैश्विक पहचान को नई ऊंचाई देती है। विभाग ने उन्हें नेपाल की साहसिक पर्यटन परंपरा का बड़ा प्रतीक बताया।

कोशी प्रांत के सोलुखुम्बु जिले में जन्मे कामी रीता ने 1992 में पेशेवर पर्वतारोही के रूप में करियर शुरू किया था। उन्होंने पहली बार 1994 में माउंट एवरेस्ट फतह किया था और तब से लगातार नए रिकॉर्ड बना रहे हैं। इससे पहले उन्होंने 27 मई 2025 को 31वीं बार एवरेस्ट पर चढ़ाई की थी।

इसी बीच, ‘पर्वत रानी’ के नाम से मशहूर Lhakpa Sherpa ने भी रविवार को माउंट एवरेस्ट पर 11वीं बार सफल चढ़ाई कर अपना ही विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया। वह एवरेस्ट पर सबसे अधिक बार पहुंचने वाली नेपाली महिला पर्वतारोही हैं। ल्हाकपा सुबह करीब 9:30 बजे शिखर पर पहुंचीं।

Comments are closed.