भारत के लिए अमेरिका का बड़ा भरोसा: जितना तेल चाहिए, उतनी सप्लाई को तैयार हैं हम, बोले मार्को रूबियो

0

अमेरिकी विदेश मंत्री Marco Rubio ने भारत को अमेरिका का “बेहतरीन सहयोगी और साझीदार” बताते हुए कहा है कि भारत जितना तेल खरीदना चाहे, अमेरिका उसे उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।

भारत दौरे से पहले दिए गए उनके इस बयान को ऊर्जा और रणनीतिक साझेदारी के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। रूबियो 23 से 26 मई तक भारत दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह कोलकाता, आगरा, जयपुर और नई दिल्ली का दौरा करेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी यह यात्रा इसलिए खास है क्योंकि इसमें उन्हें क्वाड देशों के प्रतिनिधियों और विदेश मंत्रियों से बातचीत करने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा, “भारत हमारे सबसे भरोसेमंद साझीदारों में से एक है। हम कई क्षेत्रों में साथ मिलकर काम कर रहे हैं और आगे भी सहयोग बढ़ाने के व्यापक अवसर मौजूद हैं।” उन्होंने यह भी संकेत दिया कि इस वर्ष के अंत में क्वाड देशों की एक और महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी।

ऊर्जा सहयोग पर बात करते हुए रूबियो ने कहा कि अमेरिका भारत की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए तैयार है। उनका बयान ऐसे समय में आया है जब वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी बनी हुई है और पश्चिम एशिया में तनाव के कारण ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ी है।

रूबियो ने यह भी कहा कि वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति Delcy Rodríguez अगले सप्ताह भारत का दौरा करेंगी। उनके अनुसार, भारत और वेनेजुएला के बीच ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा हो सकती है।

ईरान और होर्मुज जलडमरूमध्य के मुद्दे पर अमेरिकी विदेश मंत्री ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि वैश्विक समुद्री व्यापार में किसी भी तरह की बाधा स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि होर्मुज जलडमरूमध्य के जरिए दबाव बनाने या आर्थिक फायदा उठाने की किसी भी कोशिश को अमेरिका गंभीरता से लेगा।

गौरतलब है कि भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों का बड़ा हिस्सा आयात के जरिए पूरा करता है। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और तेल कीमतों में उछाल का असर भारत में पेट्रोल, डीजल और एलएनजी की कीमतों पर भी दिखाई दे रहा है। इसी बीच अमेरिका का यह प्रस्ताव भारत के लिए ऊर्जा सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Comments are closed.