जम्मू-कश्मीर के राजौरी में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, जंगल में छिपे 3 पाकिस्तानी दहशतगर्द तलाश में जुटी सेना

0

राजौरी जिले के डोरीमाल जंगल क्षेत्र में शनिवार सुबह सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ की खबर सामने आई।

खुफिया इनपुट मिलने के बाद भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

सूत्रों के मुताबिक, जंगल में दो से तीन आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। बताया जा रहा है कि ये आतंकी पाकिस्तान से घुसपैठ कर भारतीय सीमा में दाखिल हुए थे। सूचना मिलते ही सुरक्षाबलों ने शनिवार सुबह इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान जंगल में छिपे आतंकियों ने फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई।

अधिकारियों के अनुसार शुरुआती गोलीबारी कुछ देर तक चली, लेकिन बाद में फायरिंग रुक गई। घने जंगल और पहाड़ी इलाके को देखते हुए सेना और एसओजी के जवान बेहद सतर्कता के साथ आगे बढ़ रहे हैं। आतंकियों के संभावित ठिकानों को घेरने के लिए अतिरिक्त सुरक्षाबलों को भी मौके पर भेजा गया है।

सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि आतंकी भारी हथियारों से लैस हो सकते हैं। ऐसे में पूरे इलाके को हाई अलर्ट पर रखा गया है और जंगल से बाहर निकलने वाले रास्तों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है। स्थानीय प्रशासन ने आसपास के गांवों में लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है।

फिलहाल किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सुरक्षा बल लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं और इलाके में स्थिति पर करीबी नजर रखी जा रही है।

Comments are closed.