दिल्ली-यूपी समेत उत्तर भारत को गर्मी से राहत के संकेत, अगले 3 दिन बदलेगा मौसम; IMD ने जारी किया अलर्ट

0

कई दिनों से भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे उत्तर भारत को आखिरकार राहत मिलने लगी है।

नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से गुरुवार शाम दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में मौसम ने अचानक करवट ली। तेज आंधी, बारिश और कई इलाकों में ओलावृष्टि दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।

मौसम विभाग ने अगले दो-तीन दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का अनुमान जताया है। विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है। दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में तेज बारिश और आंधी की संभावना को देखते हुए कई राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तर प्रदेश के दर्जनों जिलों में तेज हवाओं और खराब मौसम को लेकर चेतावनी जारी की गई है। वहीं, 31 मई तक उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तूफानी हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

इस बदलाव से पहले उत्तर भारत भीषण गर्मी की चपेट में था। दिल्ली में गुरुवार को तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि उत्तर प्रदेश के बांदा में पारा 47.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजस्थान के श्रीगंगानगर में भी तापमान 47 डिग्री से ऊपर रहा। हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के कई जिलों में दिनभर तेज गर्म हवाएं चलीं।

शाम होते-होते मौसम बदल गया। दिल्ली में तेज हवाओं और बादलों के साथ बारिश हुई, जबकि हरियाणा के चरखी दादरी, रेवाड़ी और आसपास के इलाकों में ओले गिरे। उत्तर प्रदेश के कई जिलों, खासकर पश्चिमी हिस्सों और बुंदेलखंड में भी बारिश और ओलावृष्टि हुई। बदायूं और मुरादाबाद में तेज आंधी से पेड़ और बिजली के खंभे गिरने की खबरें सामने आईं।

हरियाणा के नूंह जिले में तेज आंधी के दौरान दीवार और मकान गिरने से दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। वहीं, उत्तराखंड के पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत में भारी ओलावृष्टि से फसलों और फलों को नुकसान पहुंचा। हालांकि, बारिश से जंगलों में लगी आग बुझने से राहत भी मिली।

हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में भी खराब मौसम को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को खुले स्थानों और कमजोर ढांचों से दूर रहने की सलाह दी है।

खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। दिल्ली एयरपोर्ट पर कई उड़ानों को जयपुर, लखनऊ और चंडीगढ़ की ओर डायवर्ट करना पड़ा। इसी दौरान बेंगलुरु से दिल्ली आ रहे एक विमान में यात्री की तबीयत बिगड़ने पर मेडिकल इमरजेंसी के तहत विमान की प्राथमिकता से लैंडिंग कराई गई।

पूर्वोत्तर और पहाड़ी इलाकों में भी बारिश ने मुश्किलें बढ़ाईं। पश्चिम बंगाल के कालिम्पोंग में भारी बारिश के कारण जलभराव हो गया और कई दोपहिया वाहन तेज बहाव में बह गए। लगातार बारिश से लोगों में डर और चिंता का माहौल बना हुआ है।

Comments are closed.