यूरोप में भीषण गर्मी का कहर, फ्रांस में शव रखने की जगह कम; Experts ने जताई चिंता

0

यूरोप में जारी भीषण हीटवेव का असर अब फ्रांस में गंभीर रूप से दिखाई देने लगा है।

रिकॉर्ड स्तर के तापमान के बीच मौतों की संख्या बढ़ने से कई शहरों के शवगृह अपनी क्षमता तक भर चुके हैं। हालात ऐसे हैं कि कई परिवारों को अंतिम संस्कार के लिए 10 जुलाई तक इंतजार करना पड़ रहा है, जबकि प्रशासन शवों को सुरक्षित रखने के लिए अतिरिक्त इंतजाम करने में जुटा है।

फ्रांस की सार्वजनिक स्वास्थ्य एजेंसी के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, पिछले बुधवार से रविवार के बीच देशभर में 1,000 से अधिक लोगों की मौत दर्ज की गई है। एजेंसी का कहना है कि यह प्रारंभिक आंकड़ा है और विस्तृत समीक्षा के बाद मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

पेरिस के पास ओरली में शवगृह संचालित करने वाले जौहैर हेर्तेली ने बताया कि उनके रेफ्रिजरेटेड मॉर्चरी की 32 शव रखने की क्षमता पूरी तरह भर चुकी है। उन्होंने बताया कि केवल पिछले सप्ताहांत में ही 150 से अधिक कॉल मिलीं, लेकिन जगह की कमी के कारण किसी भी नए शव को स्वीकार नहीं किया जा सका।

हेर्तेली के मुताबिक, परिवारों, वृद्धाश्रमों, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की ओर से लगातार संपर्क किया जा रहा है। अंतिम संस्कार में देरी होने के कारण शवों को सामान्य से अधिक समय तक सुरक्षित रखना पड़ रहा है। बढ़ते दबाव को देखते हुए उन्होंने अतिरिक्त शवों के लिए रेफ्रिजरेटेड ट्रेलर इस्तेमाल करने की अनुमति भी मांगी है।

इस बीच, फ्रांस के मौसम विभाग ‘मेटियो-फ्रांस’ ने चेतावनी दी है कि कुछ इलाकों में तापमान में मामूली गिरावट दर्ज होने के बावजूद राहत लंबे समय तक नहीं रहेगी। विभाग के अनुसार, सप्ताहांत से एक बार फिर गर्मी तेज हो सकती है और अगले सप्ताह भी देश के कई हिस्सों में हीटवेव जैसी स्थिति बनी रहने की आशंका है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि इस भीषण गर्मी का सबसे ज्यादा असर बुजुर्गों, पहले से बीमार लोगों और अकेले रहने वाले व्यक्तियों पर पड़ रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे अपने परिवार के बुजुर्गों, पड़ोसियों और जरूरतमंद लोगों का विशेष ध्यान रखें, क्योंकि लंबे समय तक अत्यधिक तापमान उनके स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है.

Comments are closed.