मुंबई में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, कई इलाकों में जलभराव; लोकल ट्रेनें देरी से चलीं
मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने गुरुवार को शहर की रफ्तार धीमी कर दी। कई निचले इलाकों में जलभराव होने से सड़क यातायात प्रभावित हुआ, जबकि उपनगरीय लोकल ट्रेन सेवाएं भी देरी से संचालित हुईं।
पिछले 24 घंटों में शहर के कई हिस्सों में 200 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई। दादर, परेल, हिंदमाता, चारकोप, वर्ली, गोरेगांव और अंधेरी समेत कई इलाकों की सड़कों पर पानी भर गया, जिससे वाहन चालकों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जगह-जगह ट्रैफिक जाम और धीमी रफ्तार के कारण लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी समय लगा।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अनुसार, बारिश का असर मुंबई की लाइफलाइन मानी जाने वाली लोकल ट्रेन सेवाओं पर भी पड़ा। हालांकि रेलवे ट्रैक पर बड़े स्तर पर जलभराव नहीं हुआ, लेकिन कई ट्रेनें 10 से 15 मिनट की देरी से चलीं। इसके चलते सुबह के व्यस्त समय में स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार तड़के तक मुंबई और उपनगरों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग ने 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान जताया है। वहीं, बीएमसी ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए बताया कि शुक्रवार तड़के 1:31 बजे 3.71 मीटर का उच्च ज्वार और शाम 7:49 बजे 1.82 मीटर का निम्न ज्वार आने की संभावना है।
बारिश के आंकड़ों के अनुसार, पूर्वी उपनगरों में सबसे अधिक औसत 189 मिमी वर्षा दर्ज की गई। सांताक्रूज एसडब्ल्यूएम वर्कशॉप और भांडुप एस वार्ड कार्यालय में 238.8 मिमी, पवई में 234.6 मिमी तथा विक्रोली में 233.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
खुले मैनहोल में गिरने से व्यक्ति की मौत, चार बीएमसी अधिकारी निलंबित
भारी बारिश के बीच चांदीवली इलाके में खुले मैनहोल में गिरने से 55 वर्षीय असलम इशाक शेख की मौत हो गई। घटना के बाद बीएमसी ने लापरवाही के आरोप में चार अधिकारियों को निलंबित कर मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।
बीएमसी के मुताबिक, सीवर लाइन पर सुरक्षा ग्रिल लगाने के लिए ठेका कर्मचारियों ने मैनहोल का ढक्कन हटाया था। इसी दौरान मोबाइल फोन पर बात करते हुए असलम शेख अनजाने में खुले मैनहोल में गिर गए। दमकल और आपदा प्रबंधन विभाग की टीम ने तलाश अभियान चलाकर उनका शव बरामद किया। बीएमसी ने मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
Comments are closed.