होर्मुज पर ईरान का एक्शन, IRGC ने जहाज पर चलाईं गोलियां; अमेरिका ने शुरू किए भीषण हमले

0

होर्मुज जलडमरूमध्य पर बढ़ा तनाव, IRGC की फायरिंग के बाद अमेरिका का सैन्य एक्शन; दक्षिणी ईरान में धमाके

तेहरान: मध्य पूर्व में तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने होर्मुज जलडमरूमध्य को अस्थायी रूप से बंद करने की घोषणा की है। ईरान का आरोप है कि अमेरिकी हस्तक्षेप के जवाब में यह कदम उठाया गया। इसी दौरान IRGC ने कथित तौर पर बिना अनुमति तय मार्ग से गुजरने की कोशिश कर रहे एक जहाज पर चेतावनी स्वरूप गोलियां भी चलाईं।

दूसरी ओर, अमेरिकी सेना ने दावा किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे एक व्यापारी जहाज पर हमले के बाद उसने रविवार तड़के ईरान के ठिकानों पर सैन्य कार्रवाई शुरू कर दी। इसके बाद दक्षिणी ईरान के कई इलाकों में विस्फोटों की खबरें सामने आई हैं।

रॉयटर्स के मुताबिक, सरकारी प्रसारक IRIB ने बंदर अब्बास और सिरिक में धमाकों की सूचना दी, जबकि मेहर न्यूज एजेंसी ने केशम द्वीप पर विस्फोटों की आवाज सुनाई देने की जानकारी दी। वहीं CNN की रिपोर्ट के अनुसार, बुशहर और असलुयेह शहरों में भी धमाकों की खबर है। बुशहर में ईरान का प्रमुख परमाणु ऊर्जा संयंत्र स्थित है, जिससे इन घटनाओं की गंभीरता और बढ़ गई है।

‘बदला लेना राष्ट्र की इच्छा’

इस बीच ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह मोजतबा खामेनेई ने अपने पिता अली खामेनेई की हत्या का बदला लेने की कसम खाई। उन्होंने कहा कि “बदला लेना हमारे राष्ट्र की इच्छा है।” उनके इस बयान ने क्षेत्र में तनाव और बढ़ा दिया है।

दुनिया की तेल आपूर्ति पर पड़ सकता है असर

होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे अहम समुद्री व्यापारिक मार्गों में शामिल है। वैश्विक तेल निर्यात का बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से गुजरता है। ऐसे में इसके अस्थायी रूप से बंद होने या सैन्य तनाव बढ़ने की स्थिति में अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार, शिपिंग और वैश्विक सप्लाई चेन पर व्यापक असर पड़ सकता है।

हालांकि हाल के महीनों में अमेरिका और ईरान के बीच एक समझौता (एमओयू) हुआ था, लेकिन गाजा और लेबनान को लेकर इजराइल की सैन्य कार्रवाइयों तथा अमेरिकी समर्थन को लेकर दोनों देशों के बीच तनाव लगातार बना हुआ है। अब होर्मुज में ताजा घटनाक्रम ने क्षेत्रीय सुरक्षा और वैश्विक ऊर्जा बाजार को लेकर नई चिंताएं पैदा कर दी हैं।

Comments are closed.