मुजफ्फरपुर को आज ₹1260 करोड़ की विकास सौगात, सम्राट चौधरी करेंगे 982 योजनाओं का शिलान्यास; लेक फ्रंट का भी लोकार्पण
मुजफ्फरपुर: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को मुजफ्फरपुर दौरे पर रहेंगे, जहां वे नगर विकास एवं आवास विभाग की कुल 1,260 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इस दौरान वे 1,047.09 करोड़ रुपये की लागत वाली 982 विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे, जबकि 213.25 करोड़ रुपये से विकसित सिकंदरपुर लेक फ्रंट परियोजना का भी लोकार्पण करेंगे।
इन परियोजनाओं के जरिए शहर में सड़क, जलनिकासी, पार्क, घाट, स्ट्रीट लाइट और अन्य शहरी आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा। वहीं सिकंदरपुर लेक फ्रंट के शुरू होने से मुजफ्फरपुर को आधुनिक, स्वच्छ और आकर्षक शहरी पहचान मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, बुडको और स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी कुमार गौरव और नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह ने सिकंदरपुर लेक फ्रंट तथा एमआईटी परिसर स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
5 किलोमीटर के दायरे में ड्रोन उड़ाने पर रोक
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जिला प्रशासन ने एमआईटी और सिकंदरपुर लेक क्षेत्र के 5 किलोमीटर के दायरे को अस्थायी नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया है। डीएम के आदेश के अनुसार शनिवार से रविवार शाम 4 बजे तक ड्रोन, बैलून, पैरा मोटर, पैरा ग्लाइडर, हैंड ग्लाइडर समेत सभी तरह की उड़ने वाली वस्तुओं के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा।
पौने दो घंटे शहर में रहेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री सुबह करीब 11:30 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेंगे। सबसे पहले वे सिकंदरपुर लेक फ्रंट का लोकार्पण कर वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद एमआईटी परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शामिल होकर विभिन्न विभागों के स्टॉल देखेंगे और 982 विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। इसी कार्यक्रम में वे जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री करीब पौने दो घंटे शहर में रहेंगे और दोपहर लगभग 1:15 बजे पटना के लिए रवाना होंगे। उनके आगमन के लिए पुलिस केंद्र में हेलीपैड भी तैयार किया गया है।
Comments are closed.