कनाडा के टोरंटो में डांस फेस्टिवल के दौरान फायरिंग, 2 की मौत; 3 लोग गंभीर रूप से घायल
टोरंटो: कनाडा के सबसे बड़े शहर टोरंटो में शनिवार रात एक डांस फेस्टिवल के दौरान हुई अंधाधुंध गोलीबारी से अफरा-तफरी मच गई। दुकानों और रेस्तरां से घिरे व्यस्त इलाके में हुई इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय मीडिया के मुताबिक, जिस इलाके में फायरिंग हुई वहां उस समय साल्सा डांस फेस्टिवल चल रहा था और बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। अचानक गोलियां चलने से लोगों में भगदड़ मच गई और पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही टोरंटो पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। पुलिस हमलावर की तलाश में जुटी है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
टोरंटो पुलिस ने सोशल मीडिया पर लोगों से अपील करते हुए कहा, “कृपया तुरंत उस क्षेत्र से दूर रहें और पुलिस के सभी निर्देशों का पालन करें।”
कनाडा में बढ़ रही हैं फायरिंग की घटनाएं
हाल के महीनों में कनाडा में गोलीबारी की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी गई है। हाल ही में मॉन्ट्रियल में हुई फायरिंग में एक पुलिस अधिकारी समेत दो लोगों की मौत हो गई थी। बाद में सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई में हमलावर को मार गिराया था।
इससे पहले फरवरी में टम्बलर रिज के एक स्कूल में हुई गोलीबारी में हमलावर की मां और उसके सौतेले भाई समेत आठ लोगों की मौत हुई थी, जबकि 27 अन्य घायल हो गए थे। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने कनाडा में सार्वजनिक सुरक्षा और हथियारों पर नियंत्रण को लेकर बहस तेज कर दी है।
Comments are closed.