दिल्ली में बारिश की दस्तक, गुजरात-महाराष्ट्र में मूसलाधार बारिश का अलर्ट; 19 राज्यों के लिए IMD की चेतावनी

0

देश के कई हिस्सों में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, बिहार समेत 19 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली-एनसीआर में बारिश के आसार

दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। पूरे दिन आसमान में बादल छाए रह सकते हैं।

यूपी में बढ़ेगी बारिश की गतिविधि

उत्तर प्रदेश के पूर्वी जिलों में बारिश की संभावना है, जबकि पश्चिमी हिस्सों में फिलहाल मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में पूरे राज्य में बारिश की गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है।

गुजरात के कई जिलों में रेड अलर्ट

गुजरात में भारी बारिश को देखते हुए कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। अहमदाबाद, नर्मदा, सूरत, वडोदरा और दक्षिण गुजरात के अन्य इलाकों में अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। अहमदाबाद में 8 इंच और नर्मदा जिले में 12 इंच तक बारिश होने का अनुमान जताया गया है।

राजस्थान और बिहार भी अलर्ट पर

राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। जयपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर और कोटा संभाग में मानसून सक्रिय रहेगा। वहीं बिहार में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के कई हिस्सों में 5 अगस्त तक भारी बारिश हो सकती है।

इन राज्यों में भी भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने महाराष्ट्र, कोंकण-गोवा, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

अगले 24 घंटे का मौसम

अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वोत्तर भारत, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, लक्षद्वीप, उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर तथा पंजाब-हरियाणा के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है।

असम में बाढ़ का संकट बरकरार

असम में बाढ़ की स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है। गुरुवार को दो और लोगों की मौत के बाद बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 80 हो गई है। राज्य में तीन लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं।

हालांकि कई इलाकों में पानी का स्तर घटने लगा है, लेकिन मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक असम के साथ-साथ अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड और मिजोरम के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

Comments are closed.