झारखंड बंद के ऐलान के बाद रांची पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। भाजपा ने छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में बंद का आह्वान किया है। बंद के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजधानी में करीब 3,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
पुलिस ने शहर के संवेदनशील इलाकों, प्रमुख चौक-चौराहों और संभावित प्रदर्शन स्थलों पर अतिरिक्त बल तैनात किया है। अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
जयपाल सिंह स्टेडियम से विधानसभा तक निगरानी
रांची पुलिस की विशेष नजर जयपाल सिंह स्टेडियम में मौजूद छात्रों पर भी है। पुलिस को आशंका है कि बंद के दौरान छात्र आंदोलन को लेकर किसी भी स्थान पर स्थिति तनावपूर्ण हो सकती है। इसे देखते हुए जयपाल सिंह स्टेडियम से लेकर विधानसभा क्षेत्र तक सुरक्षा बलों की विशेष तैनाती की गई है।
पुलिस की कोशिश है कि बंद के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सामान्य बनी रहे और सरकारी तथा निजी प्रतिष्ठानों के कामकाज में किसी तरह की बाधा न आए। किसी भी स्थान पर भीड़ जुटने या प्रदर्शन की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई के लिए पुलिस बल को तैयार रखा गया है।
कंट्रोल रूम और ड्रोन से होगी निगरानी
रांची पुलिस ने निगरानी व्यवस्था को भी मजबूत किया है। सिटी कंट्रोल रूम से पूरे शहर की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों की निगरानी ड्रोन के जरिए भी की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों को लगातार हालात की समीक्षा करने और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को इस तरह से तैयार किया गया है कि जरूरत पड़ने पर शहर के किसी भी हिस्से में तत्काल अतिरिक्त बल भेजा जा सके।
शांतिभंग करने वालों पर होगी कार्रवाई
बंद को देखते हुए जिला पुलिस के अलावा जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बल को भी ड्यूटी पर लगाया गया है। रांची के एसएसपी राकेश रंजन खुद सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं और अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए हैं।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बंद के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, जबरन भीड़ जुटाने या शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि बंद के दौरान शहर में सामान्य स्थिति बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है।
Comments are closed.