JPSC-JSSC विवाद पर छात्रों का आंदोलन तेज, 20 अगस्त को CM आवास घेराव का ऐलान
झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और धांधली के खिलाफ छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होने से प्रदर्शनकारी अब सरकार पर दबाव बढ़ाने की तैयारी में हैं। स्वतंत्रता दिवस पर रांची में तिरंगा यात्रा निकालने के बाद ‘JPSC-JSSC रिफॉर्म्स मंच’ ने 20 अगस्त को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास का घेराव करने का ऐलान किया।
प्रदर्शनकारियों ने रविवार को झारखंड के सभी 24 जिलों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पुतले फूंकने की भी घोषणा की है। छात्रों का आरोप है कि JMM-कांग्रेस गठबंधन सरकार उनकी मांगों को लेकर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठा सकी है।
22वें दिन भी जारी रहा छात्रों का आंदोलन
छात्रों का आंदोलन शनिवार को 22वें दिन भी जारी रहा। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रांची में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने तिरंगा यात्रा निकाली। इस यात्रा में व्हीलचेयर पर बैठकर भूख हड़ताल कर रहे दो प्रदर्शनकारी भी शामिल हुए।
JPSC-JSSC रिफॉर्म्स मंच के नेता रवींद्र पासवान ने कहा कि छात्र 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे। उन्होंने JMM और कांग्रेस पर आंदोलन को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए दोनों दलों के नेताओं से इस्तीफे की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि अगर मुख्यमंत्री छात्रों की मांगें नहीं सुनते हैं तो राहुल गांधी को JMM के नेतृत्व वाले गठबंधन से समर्थन वापस ले लेना चाहिए।
देवेंद्र महतो को अस्पताल से निकलने की अनुमति नहीं
आंदोलनकारी छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो को शनिवार को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए प्रशासन ने सदर अस्पताल से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी। वह छात्रों की तिरंगा यात्रा में शामिल होना चाहते थे।
उनके अस्पताल से बाहर निकलने की कोशिश के दौरान वहां बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। इस दौरान पुलिस और देवेंद्र महतो के समर्थकों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। समर्थकों ने आरोप लगाया कि देवेंद्र महतो को जबरन रोका गया।
प्रशासन की ओर से उनके स्वास्थ्य को देखते हुए उन्हें अस्पताल से बाहर नहीं जाने देने की बात कही गई। देवेंद्र के यात्रा में शामिल नहीं हो पाने के बावजूद अन्य छात्रों ने पुलिस सुरक्षा के बीच तिरंगा यात्रा निकाली।
तीन दौर की बातचीत के बाद भी नहीं सुलझा विवाद
JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन 22 दिनों से चल रहा है। प्रदर्शनकारियों और सरकार के बीच तीन दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन अब तक गतिरोध खत्म नहीं हुआ है।
तिरंगा यात्रा में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में छात्र जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचे। यहां से शुरू हुई यात्रा विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए अल्बर्ट एक्का चौक पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
Comments are closed.