इंडोनेशिया में 7.7 तीव्रता के भूकंप से तबाही, 47 की मौत; तटीय इलाकों में सुनामी का खतरा
इंडोनेशिया में शनिवार सुबह आए 7.7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचाई। भूकंप के झटकों से अब तक 47 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं। कई इमारतें ढह गईं और सैकड़ों मकानों व अन्य भवनों में नुकसान या दरारें आने की जानकारी सामने आई है।
भूकंप के बाद प्रभावित इलाकों में लगातार आफ्टरशॉक्स महसूस किए जा रहे हैं। तटीय क्षेत्रों में समुद्र की करीब एक मीटर ऊंची लहरें भी देखी गई हैं। हालांकि अभी इनसे बड़े नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन तटीय इलाकों में सुनामी का खतरा पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।
मौमेरे में सबसे ज्यादा नुकसान
बंदरगाह शहर मौमेरे भूकंप से सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में शामिल है। यहां 20 लोगों की मौत हुई है, जबकि छह लोग घायल बताए जा रहे हैं। दो लोगों के अभी भी मलबे में फंसे होने की सूचना है। इंडोनेशिया की राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी के प्रमुख सुहारयांतो के अनुसार, करीब 2,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। क्षतिग्रस्त इमारतों के मलबे में अन्य लोगों के दबे होने की आशंका है।
भूस्खलन से राहत अभियान प्रभावित
भूकंप के कारण कई जगह भूस्खलन हुआ और सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं। इसके चलते बचाव दल कई प्रभावित क्षेत्रों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। दुर्गम इलाकों में राहत और बचाव कर्मियों को हेलीकॉप्टर के जरिए भेजने की कोशिश की जा रही है।
नागेकेओ में भी बड़ी संख्या में मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। यहां से करीब 2,000 लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। लगातार आ रहे आफ्टरशॉक्स के कारण राहत कार्य में मुश्किलें बढ़ रही हैं और लोग क्षतिग्रस्त इमारतों में जाने से बच रहे हैं।
अस्पतालों में बढ़ी मरीजों की संख्या
भूकंप प्रभावित इलाकों के अस्पताल घायलों से भर गए हैं। क्षमता पर दबाव बढ़ने के कारण कई घायलों को आसपास के क्षेत्रों के अस्पतालों में भेजा जा रहा है। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव अभियान जारी है।
इसी क्षेत्र में वर्ष 1992 में भी 7.5 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया था, जिसमें बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हुआ था। मौजूदा भूकंप के बाद प्रशासन तटीय क्षेत्रों और प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी कर रहा है।
Comments are closed.