दिल्ली-NCR में उमस का सितम, बारिश के आसार; 19 राज्यों में भारी वर्षा का अलर्ट

0

दिल्ली-NCR में उमस के बीच बारिश के आसार, यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में भारी वर्षा का अलर्ट

देश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 19 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली-NCR में हालांकि दिनभर उमस भरी गर्मी परेशान कर सकती है, लेकिन गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना भी है।

दिल्ली-NCR और हरियाणा में कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली में आज उमस के बीच बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। तेज हवाएं भी चल सकती हैं। अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद में भी मौसम का मिजाज इसी तरह रहने की संभावना है।

हरियाणा के कई हिस्सों में छिटपुट से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।

यूपी के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मेरठ, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, मुरादाबाद, कानपुर, बरेली, हरदोई, सीतापुर, शाहजहांपुर, बिजनौर, गोंडा, बस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी और पीलीभीत समेत कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है।

लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

बिहार में भी कई जिलों में बारिश का अलर्ट

बिहार के गया, रोहतास, बक्सर, भोजपुर, जहानाबाद, मुंगेर, बांका, जमुई, कटिहार, भागलपुर, कैमूर, नालंदा, नवादा, औरंगाबाद, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज और लखीसराय में भारी बारिश और गरज-चमक की चेतावनी जारी की गई है।

बंगाल और पूर्वोत्तर में भी तेज बारिश

गंगीय पश्चिम बंगाल में 17 अगस्त को कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। सिक्किम में भी अच्छी बारिश की संभावना है। असम और मेघालय में अगले सप्ताह अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। अरुणाचल प्रदेश के कई इलाकों में भी बारिश होने का अनुमान है।

हिमाचल में भारी बारिश, भूस्खलन का खतरा

हिमाचल प्रदेश में 17 और 18 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सप्ताह के अधिकांश दिनों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने बारिश के दौरान लोगों को सावधानी बरतने और स्थानीय मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी है।

Comments are closed.