मेहुल चोकसी के वकील विजय अग्रवाल लंदन में गिरफ्तार, दो महिलाओं के यौन उत्पीड़न के आरोप

3

भगोड़े भारतीय कारोबारी मेहुल चोकसी का केस लड़ चुके क्रिमिनल लॉयर विजय अग्रवाल को लंदन में दो महिलाओं के यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, अग्रवाल पर दोनों महिलाओं के साथ चार अलग-अलग मौकों पर यौन उत्पीड़न करने का आरोप है। वह फिलहाल हिरासत में हैं।

अग्रवाल की पर्सनल असिस्टेंट मनप्रीत कौर को भी गिरफ्तार किया गया है। उन पर दो मामलों में कथित यौन उत्पीड़न को जानबूझकर बढ़ावा देने या उसमें मदद करने का आरोप है। दोनों भारतीय नागरिकों को 11 अगस्त को लंदन के मेफेयर इलाके में स्थित 29 ब्रिक स्ट्रीट के एक सर्विस्ड लग्जरी टाउनहाउस से गिरफ्तार किया गया।

मेट्रोपॉलिटन पुलिस को इसी पते पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की शिकायत मिली थी। गिरफ्तारी के बाद दोनों को हिरासत में रखा गया और 13 अगस्त को वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया, जहां उनके खिलाफ आरोप तय किए गए।

दो महिलाओं के यौन उत्पीड़न का आरोप

दिल्ली में जन्मे विजय अग्रवाल पर आरोप है कि उन्होंने दो महिलाओं का कुल चार बार यौन उत्पीड़न किया। पुलिस के अनुसार, इनमें से तीन घटनाएं 9 अगस्त को उसी टाउनहाउस में हुईं। आरोप है कि अग्रवाल ने एक महिला को उसकी सहमति के बिना जानबूझकर यौन प्रकृति से छुआ।

एक अन्य मामले का आरोप 26 मई की घटना से जुड़ा है। ये घटनाएं जिस चार मंजिला, पांच बेडरूम वाले सर्विस्ड टाउनहाउस में हुईं, वहां मेड और रोजाना नाश्ते जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसकी कीमत करीब 2.6 लाख रुपये प्रति रात बताई गई है।

पर्सनल असिस्टेंट पर भी आरोप

मनप्रीत कौर पर आरोप है कि उन्होंने 26 मई और 9 अगस्त को कथित यौन उत्पीड़न की घटनाओं को अंजाम देने में अग्रवाल की मदद की या उन्हें बढ़ावा दिया। पुलिस का आरोप है कि कौर ने नौकरी का फर्जी विज्ञापन पोस्ट कर दोनों महिलाओं को अग्रवाल से मिलवाया और उन्हें उसी पते पर बुलाया।

दोनों आरोपियों का मामला 10 सितंबर को होने वाली अगली सुनवाई के लिए साउथवार्क क्राउन कोर्ट भेज दिया गया है। फिलहाल दोनों हिरासत में हैं।

इस मामले में 11 अगस्त को गिरफ्तार किए गए एक 23 वर्षीय पुरुष और 43 वर्षीय महिला को आगे की जांच पूरी होने तक जमानत पर रिहा कर दिया गया है। शिकायत दर्ज कराने वाली दोनों महिलाओं को विशेष अधिकारियों की ओर से सहायता दी जा रही है।

Comments are closed.