वंदे मातरम विवाद: नए कानून पर कांग्रेस का विरोध कायम, बीजेपी ने किया पलटवार

2

कांग्रेस ने वंदे मातरम् के पूरे गायन को लेकर अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा है कि पार्टी अपने कार्यक्रमों में राष्ट्रगीत के केवल शुरुआती दो छंदों का ही गायन करेगी।

कांग्रेस कार्यसमिति ने यह फैसला 1937 में तय किए गए उस प्रस्ताव के आधार पर लिया है, जिसमें वंदे मातरम् के गायन के लिए शुरुआती पंक्तियों को निर्धारित किया गया था। कांग्रेस का कहना है कि वंदे मातरम् उसके लिए महज एक गीत नहीं, बल्कि भावनाओं से जुड़ा विषय है। पार्टी ने स्पष्ट किया कि वह महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, रवींद्रनाथ टैगोर और अन्य नेताओं से जुड़े 1937 के निर्णय का ही पालन करेगी।

नए कानून पर कांग्रेस का विरोध

यह फैसला ऐसे समय आया है जब संसद के मानसून सत्र में वंदे मातरम् के सभी छंदों के गायन से संबंधित कानून पारित किए जाने के बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। कांग्रेस ने संकेत दिया है कि वह अपने कार्यक्रमों में इस कानून के अनुरूप पूरे राष्ट्रगीत का गायन नहीं करेगी।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी गोवा में कहा था कि पार्टी अपने कार्यक्रमों में वंदे मातरम् के गायन को लेकर 1937 में तय किए गए प्रावधानों का पालन करेगी।

कार्यसमिति की बैठक के बाद संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि वंदे मातरम् के गायन को लेकर कुछ भ्रम हुआ था, लेकिन पार्टी का रुख स्पष्ट है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता 1937 के निर्णय के मुताबिक पहले दो छंदों का ही गायन करेंगे।

परिसीमन पर भी कांग्रेस का रुख साफ

कांग्रेस कार्यसमिति ने लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने के प्रस्तावित परिसीमन का भी विरोध किया है। पार्टी का कहना है कि अगले 25 वर्षों तक लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बनाए रखा जाना चाहिए और इन्हीं सीटों पर महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू किया जाए।

कांग्रेस ने महिला आरक्षण को 2029 के लोकसभा चुनाव से मौजूदा सीटों के आधार पर लागू करने की मांग की है।

800 शहरों में छात्रों के बीच जाएगी कांग्रेस

कार्यसमिति की बैठक में पेपर लीक, बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। कांग्रेस ने देशभर के करीब 800 छोटे-बड़े शहरों में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित करने का फैसला किया है। पार्टी के मुताबिक, अभियान के जरिए छात्रों की परीक्षा, रोजगार और शिक्षा से जुड़ी चिंताओं को उठाया जाएगा।

कांग्रेस ने श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपों को लेकर भी देशव्यापी विरोध और जागरूकता अभियान चलाने का फैसला किया है। पार्टी का कहना है कि ब्लॉक से लेकर प्रदेश स्तर तक इस मुद्दे को उठाया जाएगा।

वंदे मातरम् पर बीजेपी का पलटवार

कांग्रेस के फैसले पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस कार्यसमिति के प्रस्ताव को निंदनीय बताते हुए आरोप लगाया कि पार्टी संविधान और संसद से पारित कानून से ऊपर अपने संगठन के फैसले को रख रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का रुख यह दिखाता है कि उसके लिए पार्टी का फैसला देश और संसद द्वारा बनाए गए कानून से अधिक महत्वपूर्ण है।

Comments are closed.