निज्जर हत्याकांड के तीन साल बाद गोल्डी बराड़ ने ली जिम्मेदारी, ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल

1

निज्जर हत्याकांड पर गोल्डी बराड़ का कथित कबूलनामा, तीन साल बाद ऑडियो से मचा हड़कंप

आतंकी घोषित गोल्डी बराड़ ने कनाडा में खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की जिम्मेदारी लेने का कथित दावा किया है। निज्जर की 18 जून 2023 को ब्रिटिश कोलंबिया के सरे में एक गुरुद्वारे के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। करीब तीन साल बाद सोशल मीडिया पर सामने आए एक कथित ऑडियो में बराड़ को आतंकी परमजीत सिंह उर्फ पम्मा से बातचीत के दौरान निज्जर को निशाना बनवाने का दावा करते हुए सुना जा सकता है। हालांकि, इस ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

निज्जर से पुरानी रंजिश का किया दावा

कथित ऑडियो में बराड़ दावा करता है कि उसके भाइयों की हत्या के बाद सुक्खा दुनेके और अर्श डल्ला जैसे लोग निज्जर की कोठी में आते-जाते और वहां रहते थे। बराड़ के मुताबिक, जिन ठिकानों से उसके भाइयों को निशाना बनाने की साजिश रची गई, वे निज्जर से जुड़े थे। इसी वजह से उसके मन में निज्जर के खिलाफ गुस्सा था और वह उसे छोड़ना नहीं चाहता था।

गुरुद्वारे के भीतर नहीं की फायरिंग

ऑडियो में बराड़ कथित तौर पर कहता है कि धार्मिक स्थल की मर्यादा को देखते हुए गुरुद्वारा परिसर के भीतर निज्जर पर हमला नहीं किया गया। हमलावरों ने उसके बाहर निकलने का इंतजार किया। बराड़ यह भी दावा करता है कि उसे संदेह था कि अर्श डल्ला भी उस समय निज्जर के साथ गाड़ी में मौजूद था।

ऐसे हुई थी निज्जर की हत्या

18 जून 2023 को सरे स्थित गुरुद्वारा परिसर के बाहर निज्जर अपने ट्रक से पार्किंग से निकल रहा था। इसी दौरान एक सफेद सेडान ने उसके वाहन का रास्ता रोक दिया। इसके बाद दो नकाबपोश हमलावरों ने ड्राइविंग सीट की तरफ से गोलियां बरसाईं।

घटना में करीब 50 राउंड फायरिंग किए जाने की बात सामने आई थी। निज्जर को कई गोलियां लगीं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों हमलावर भागकर पास की गली में पहुंचे, जहां एक दूसरी कार उनका इंतजार कर रही थी और वे वहां से फरार हो गए।

हत्या के बाद भारत-कनाडा संबंधों में आया तनाव

निज्जर की हत्या के बाद कनाडा के तत्कालीन प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने भारत सरकार के एजेंटों की संभावित भूमिका का आरोप लगाया था। भारत ने इन आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें निराधार और राजनीति से प्रेरित बताया था। इस विवाद के बाद दोनों देशों के रिश्तों में लंबे समय तक तनाव बना रहा।

यूएपीए के तहत आतंकी घोषित है गोल्डी बराड़

गोल्डी बराड़ को भारत सरकार जनवरी 2024 में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी यूएपीए के तहत आतंकवादी घोषित कर चुकी है। उस पर हत्या, जबरन वसूली और आतंकी गतिविधियों से जुड़े नेटवर्क चलाने जैसे गंभीर आरोप हैं।

बराड़ का नाम पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में भी प्रमुख आरोपितों में सामने आया था।

Comments are closed.