इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान पर अपने एक बेटे की हत्या की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया है।
उन्होंने यह दावा सोमवार को चैनल 14 के मिलिट्री कॉरेस्पोंडेंट नोआम अमीर से फोन पर बातचीत के दौरान किया। हालांकि, नेतन्याहू ने यह स्पष्ट नहीं किया कि उनके बेटों यायर या एवनर में से किसे निशाना बनाया गया था। नेतन्याहू ने कहा कि खतरा इतना गंभीर था कि उन्होंने प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवारों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की। उन्होंने चुनावी अभियान के दौरान राजनीतिक नेताओं की सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतने की भी अपील की।
‘ईरान ने मेरे बेटे की हत्या की कोशिश की’
बातचीत के दौरान नेतन्याहू ने दावा किया कि ईरान ने उनके एक बेटे को निशाना बनाया और उसकी हत्या करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि इसी खतरे को देखते हुए उम्मीदवारों के लिए अतिरिक्त सुरक्षा की मांग करना महज सुविधा का मामला नहीं है।
जब उनसे पूछा गया कि क्या बेटे को निशाना बनाए जाने की जानकारी उन्हें मिली खुफिया सूचनाओं का हिस्सा थी, तो नेतन्याहू ने इसे बेहद गंभीर मामला बताया और दोहराया कि ईरान ने उनके एक बेटे की हत्या का प्रयास किया था।
हालांकि, उन्होंने कथित हमले के बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी और यह भी नहीं बताया कि उनके किस बेटे को निशाना बनाया गया।
प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवारों को पर्याप्त सुरक्षा की मांग
नेतन्याहू ने बताया कि उन्होंने शिन बेट के प्रमुख डेविड जिनी से उम्मीदवारों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बात की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पद के किसी भी उम्मीदवार को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
ये बयान ऐसे समय में सामने आए हैं जब जुलाई में शिन बेट मामलों की इजराइली मंत्रीस्तरीय समिति ने नेतन्याहू की पत्नी सारा और उनके दोनों बेटों यायर तथा एवनर के लिए अतिरिक्त व्यक्तिगत सुरक्षा को मंजूरी दी थी।
हालांकि, इस सुरक्षा फैसले और ईरान द्वारा कथित तौर पर की गई हत्या की कोशिश के बीच कोई सीधा संबंध आधिकारिक तौर पर स्पष्ट नहीं किया गया है।
नेतन्याहू ने राजनीतिक तनाव और सुरक्षा संबंधी चिंताओं के बीच चुनावी अभियान के दौरान नेताओं और समर्थकों से संयम बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक हस्तियों के खिलाफ संभावित खतरों को देखते हुए अभियान के दौरान अतिरिक्त सतर्कता जरूरी है।
Comments are closed.