इंदौर में लगेगा छात्रों का जमावड़ा, राहुल गांधी करेंगे युवाओं से सीधा संवाद

0

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी 12 सितंबर को इंदौर में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वह जेन-जी और युवाओं के साथ संवाद करेंगे और उनके मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

इंदौर में होने वाला यह कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ श्रृंखला का हिस्सा है। इससे पहले कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। इंदौर में कार्यक्रम की शुरुआत एक कंसर्ट से होने की संभावना है।

इसके बाद राहुल गांधी मध्य प्रदेश और देश के युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे। कार्यक्रम का प्रमुख हिस्सा युवाओं और राहुल गांधी के बीच सीधा सवाल-जवाब होगा, जिसमें युवा उनसे अपने सवाल पूछ सकेंगे।

कार्यक्रम की तैयारियां तेज

प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शनिवार को राहुल गांधी के सहायक केवी बैजू इंदौर पहुंचे। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी समेत पार्टी के अन्य नेताओं के साथ बैठक कर आयोजन की तैयारियों पर चर्चा की।

सूत्रों के मुताबिक, कार्यक्रम में प्रस्तुति के लिए किसी लोकप्रिय गायक या संगीत समूह को भी बुलाया जा सकता है। कलाकार या बैंड का नाम दिल्ली से तय होने की बात कही जा रही है।

नेहरू स्टेडियम आरक्षित करने की मांग

कार्यक्रम के लिए स्थान और व्यवस्थाओं को लेकर भी कांग्रेस ने तैयारी शुरू कर दी है। बैठक के बाद शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने नगर निगम आयुक्त को पत्र भेजकर नेहरू स्टेडियम को चार दिनों के लिए आरक्षित करने की मांग की है।

कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं और छात्रों के पहुंचने की संभावना है, इसलिए आयोजन स्थल पर सुरक्षा, बैठने और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां पहले से की जा रही हैं।

Comments are closed.