ट्रंप की ईरान को नई धमकी, बोले- ‘पिकएक्स माउंटेन पर जल्द हो सकता है हमला’

0

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को ईरान के बेहद सुरक्षित भूमिगत परमाणु परिसर ‘पिकऐक्स माउंटेन’ को लेकर बड़ा बयान दिया।

ट्रंप ने कहा कि अमेरिका बहुत जल्द इस ठिकाने को निशाना बना सकता है। पिकऐक्स माउंटेन ईरान के नतांज यूरेनियम संवर्धन केंद्र के पास स्थित है और पहाड़ के भीतर गहराई में बने दो सुरंग परिसरों के कारण इसे बेहद सुरक्षित माना जाता है। ट्रंप की इस चेतावनी के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका है।

ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने ईरान के खिलाफ जारी अमेरिकी सैन्य अभियान का भी बचाव किया। उन्होंने कहा कि अभियान का प्रमुख उद्देश्य ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना है।

‘ईरान के पास परमाणु हथियार होते तो…’

ट्रंप ने कहा कि अमेरिका पिछले पांच महीनों से इस मुद्दे पर काम कर रहा है और उसने यह सुनिश्चित किया है कि ईरान परमाणु हथियार हासिल न कर सके। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि अगर ईरान के पास परमाणु हथियार होते, तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी।

पिकऐक्स माउंटेन पर ट्रंप की कड़ी चेतावनी

ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियां पिकऐक्स माउंटेन में होने वाली गतिविधियों पर बेहद करीबी नजर रख रही हैं। उनके मुताबिक, अमेरिका को पता है कि इस परिसर में कौन आ-जा रहा है और ईरान के अलग-अलग हिस्सों में होने वाली गतिविधियों की भी जानकारी है।

उन्होंने कहा कि अगर इस ठिकाने पर किसी तरह की ऐसी गतिविधि सामने आती है, जिसे अमेरिका गंभीर मानता है, तो वहां भीषण हमला किया जा सकता है।

ईरान के लिए क्यों अहम है पिकऐक्स माउंटेन?

पिकऐक्स माउंटेन ईरान के नतांज परमाणु परिसर के नजदीक स्थित एक अत्यधिक सुरक्षित भूमिगत ठिकाना है। यह पहाड़ के भीतर काफी गहराई में बनाया गया है और इसमें दो बड़े सुरंग परिसर बताए जाते हैं। इसकी गहरी और मजबूत संरचना के कारण इसे निशाना बनाना बेहद चुनौतीपूर्ण माना जाता है।

वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायली खुफिया एजेंसियों का आकलन है कि ईरान ने हजारों सेंट्रीफ्यूज इस भूमिगत परिसर में स्थानांतरित किए हैं। यही वजह है कि पिकऐक्स माउंटेन को ईरान के महत्वपूर्ण और सबसे सुरक्षित परमाणु ठिकानों में से एक माना जाता है।

रूस-यूक्रेन युद्ध पर भी ट्रंप का बयान

इसी बातचीत के दौरान ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनके विशेष दूत स्टीव विटकाफ और उनके दामाद जेरेड कुशनर युद्ध समाप्त करने के प्रस्ताव पर चर्चा के लिए रूस और यूक्रेन की यात्रा कर रहे हैं।

Comments are closed.