पटौदी-गुरुग्राम रूट पर प्राइवेट बसों की हड़ताल खत्म, आज से बहाल हुआ पुराना टाइम टेबल

2

पटौदी-गुरुग्राम मार्ग पर निजी बस संचालकों ने अपनी हड़ताल समाप्त कर दी है।

पुरानी समय सारणी बहाल करने की मांग स्वीकार किए जाने के बाद मंगलवार से निजी बसें पहले के निर्धारित समय के अनुसार चलेंगी। इससे इस रूट पर रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।

निजी बस संचालक संत कुमार राठी और मनबीर के अनुसार, शुक्रवार शाम अधिकारियों की ओर से नई समय सारणी जारी की गई थी। इसमें निजी बसों के संचालन के समय में बदलाव किया गया था। साथ ही, हरियाणा रोडवेज की बसों के फेरे भी बढ़ा दिए गए थे।

नई समय सारणी के विरोध में निजी बस संचालकों ने अपनी बसें पटौदी सामान्य बस अड्डे पर खड़ी कर दी थीं और संचालन बंद कर हड़ताल शुरू कर दी थी।

इसके बाद बस संचालक गुरुग्राम स्थित आरटीओ कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों के सामने पुरानी समय सारणी को दोबारा लागू करने की मांग रखी। अधिकारियों ने संचालकों की मांग स्वीकार कर ली, जिसके बाद हड़ताल खत्म करने का फैसला लिया गया।

संचालकों ने बताया कि मंगलवार से पटौदी-गुरुग्राम मार्ग पर निजी बसों का संचालन पुराने शेड्यूल के मुताबिक सामान्य रूप से शुरू हो जाएगा।

Comments are closed.