गुलाम जम्मू-कश्मीर को मिला नया राष्ट्रपति, PML-N के नजीब नकी ने ली शपथ

0

सत्तारूढ़ पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) के उम्मीदवार नजीब नकी को गुरुवार को गुलाम जम्मू-कश्मीर का नया राष्ट्रपति चुना गया।

राष्ट्रपति चुनाव में उन्हें 32 वोट हासिल हुए, जबकि पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के उम्मीदवार चौधरी लतीफ अकबर को 13 वोट मिले। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने नजीब नकी को चुनाव में जीत के लिए बधाई दी। नकी इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

गुलाम जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रपति का पद जनवरी से खाली था। पूर्व राष्ट्रपति सुल्तान महमूद चौधरी के निधन के बाद यह पद रिक्त हुआ था। अब नजीब नकी के निर्वाचन के साथ इस पद पर नई नियुक्ति हुई है।

इस बीच, जम्मू-कश्मीर को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच राजनीतिक मतभेद जारी हैं। भारत ने गुलाम जम्मू-कश्मीर में हाल में हुए स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर सवाल उठाते हुए उन्हें दिखावटी कवायद बताया है। भारत का कहना है कि ऐसी प्रक्रिया क्षेत्र की वास्तविक स्थिति को नहीं बदल सकती।

राजनीति में आने से पहले चिकित्सा की पढ़ाई

नजीब नकी का जन्म 19 जनवरी 1964 को रावलपिंडी में हुआ था। उनके शुरुआती जीवन का बड़ा हिस्सा सक्रिय चुनावी राजनीति से दूर रहा। उन्होंने लाहौर के एचिसन कॉलेज से शिक्षा हासिल की और वर्ष 1988 में किंग एडवर्ड मेडिकल कॉलेज से चिकित्सा की डिग्री पूरी की। बाद में उन्होंने राजनीति में प्रवेश किया और स्वास्थ्य मंत्री सहित विभिन्न जिम्मेदारियां संभालीं।

Comments are closed.