अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन और मीडिया संस्थानों के बीच विवाद एक बार फिर सामने आया है।
व्हाइट हाउस ने ट्रंप की आगामी यात्रा के दौरान राष्ट्रपति के आधिकारिक विमान ‘एयर फोर्स वन’ में CNN के पत्रकारों को जगह नहीं देने के संकेत दिए हैं। उनकी जगह Real America’s Voice News को यात्रा कवरेज के लिए शामिल किए जाने की बात सामने आई है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब ट्रंप प्रशासन और कई प्रमुख मीडिया संस्थानों के बीच प्रेस एक्सेस को लेकर पहले से विवाद चल रहा है। पिछले शुक्रवार को प्रशासन ने CNN, MS NOW और Politico के पत्रकारों पर व्हाइट हाउस में प्रवेश को लेकर प्रतिबंध लगाया था। प्रशासन की ओर से इन संस्थानों पर ‘फेक न्यूज’ फैलाने के आरोप लगाए गए थे।
इसके बाद संबंधित मीडिया संस्थानों ने अदालत का रुख किया और प्रतिबंध को अमेरिकी संविधान के फर्स्ट अमेंडमेंट का उल्लंघन बताया। फर्स्ट अमेंडमेंट प्रेस की स्वतंत्रता समेत अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को संवैधानिक संरक्षण देता है।
गुरुवार को एक संघीय जज ने व्हाइट हाउस के इस प्रतिबंध पर 14 दिनों के लिए अस्थायी रोक लगा दी। अदालत ने प्रशासन को निर्देश दिया कि CNN, MS NOW और Politico के पत्रकारों को व्हाइट हाउस परिसर में प्रवेश से न रोका जाए।
अदालत के आदेश के बाद तीनों मीडिया संस्थानों के पत्रकारों की व्हाइट हाउस में एंट्री बहाल कर दी गई। हालांकि, एयर फोर्स वन की यात्रा कवरेज में CNN को शामिल नहीं किए जाने के संकेतों ने मीडिया एक्सेस को लेकर चल रहे विवाद को फिर चर्चा में ला दिया है।
Comments are closed.