Ramayana का डबल सरप्राइज, राम-सीता-लक्ष्मण के बाद दिखा Yash का रावण लुक

0

नमित मल्होत्रा के प्रोडक्शन और नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ 2026 की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल है।

फिल्म से जुड़ा हर नया अपडेट दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा रहा है। अब मेकर्स ने फिल्म के दो नए पोस्टर जारी किए हैं, जिनमें रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण के किरदारों में नजर आ रहे हैं। वहीं, दूसरे पोस्टर में यश को रावण के रूप में दिखाया गया है।

एक फ्रेम में राम, सीता और लक्ष्मण

पहले पोस्टर में रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में शांत, गंभीर और गरिमामय अंदाज में दिखाई देते हैं। साई पल्लवी माता सीता के रूप में नजर आ रही हैं, जबकि रवि दुबे ने लक्ष्मण का किरदार निभाया है। तीनों को एक साथ दिखाने वाला यह पोस्टर फिल्म की कहानी के अहम भावनात्मक पक्ष की झलक देता है।

मेकर्स ने पोस्टर साझा करते हुए लिखा, ‘धर्म में हमेशा एक साथ।’ पोस्टर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म के लुक को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

रावण के रूप में यश का नया लुक

मेकर्स ने यश के रावण वाले किरदार का भी नया पोस्टर जारी किया है। पोस्टर में अभिनेता का लुक रावण के अहंकार और प्रभावशाली व्यक्तित्व को सामने लाता है। इसके साथ कैप्शन दिया गया है, ‘तीन लोकों पर शासन करने वाला, रावण।’

बड़ी स्टारकास्ट के साथ तैयार हो रही फिल्म

नितेश तिवारी की ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म को भारतीय महाकाव्य की कहानी को बड़े सिनेमाई पैमाने पर पेश करने के उद्देश्य से तैयार किया जा रहा है।

फिल्म हिंदी के साथ तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज होगी। इसे दो भागों में बनाया गया है और दुनियाभर में IMAX फॉर्मेट में रिलीज करने की योजना है।

दिवाली 2026 में आएगी ‘रामायण: पार्ट 1’

प्राइम फोकस स्टूडियोज, DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के सहयोग से तैयार हो रही ‘रामायण’ दो भागों में रिलीज होगी। ‘रामायण: पार्ट 1’ दिवाली 2026, जबकि ‘रामायण: पार्ट 2’ दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

Comments are closed.