अमेरिकी जांच एजेंसी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने भारतीय मूल के गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को अपनी आधिकारिक ‘टॉप 10 मोस्ट वॉन्टेड फ्यूजिटिव्स’ सूची में शामिल किया है।
FBI ने सोमवार को इसकी जानकारी देते हुए बराड़ की गिरफ्तारी या उसकी गिरफ्तारी तक पहुंचाने वाली सूचना देने वाले के लिए 10 लाख डॉलर तक के इनाम की घोषणा की।
FBI के मुताबिक, गोल्डी बराड़ लॉरेंस बिश्नोई संगठित अपराध समूह का उत्तरी अमेरिका में प्रमुख ऑपरेशनल लीडर है। अमेरिकी एजेंसी का आरोप है कि यह गिरोह दक्षिणी कैलिफोर्निया के अलावा अमेरिका और कनाडा के अन्य हिस्सों में लक्षित हत्याओं, राजनीतिक और धार्मिक हस्तियों पर हमलों, गोलीबारी, अपहरण, रंगदारी तथा मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी जैसी गतिविधियों में शामिल रहा है।
कैलिफोर्निया की अदालत ने जारी किया गिरफ्तारी वारंट
कैलिफोर्निया की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट संघीय अदालत ने 1 जुलाई को सतिंदरजीत सिंह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।
अमेरिकी सरकार का कहना है कि भारत की जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई तस्करी के जरिए उपलब्ध कराए गए मोबाइल फोन और इंटरनेट कॉलिंग उपकरणों का इस्तेमाल कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हत्या, रंगदारी और मानव तस्करी से जुड़े नेटवर्क को संचालित करता रहा है।
अमेरिका ने ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ के तहत भारत से जुड़े तीन अंतरराष्ट्रीय आपराधिक गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई तेज की है। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान के तहत 37 लोगों के खिलाफ आरोप लगाए गए हैं, जबकि 24 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
अमेरिकी अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि लगाए गए आरोप आपराधिक गिरोहों से संबंधित हैं और इनमें किसी सरकारी एजेंसी या अधिकारी की भूमिका का उल्लेख नहीं है।
सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के बाद सुर्खियों में आया
पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब का रहने वाला गोल्डी बराड़ पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आया था। मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा भी उससे जुड़ा रहा है।
इसके अलावा, कनाडा में खालिस्तानी अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की 2023 में हुई हत्या के मामले में भी गोल्डी बराड़ पर आरोप लगाए गए हैं।
पुलिसकर्मी के बेटे बराड़ के अपराध की दुनिया में प्रवेश को उसके चचेरे भाई गुरलाल बराड़ की हत्या से जोड़कर देखा जाता है। इसके बाद वह लॉरेंस बिश्नोई और जग्गू भगवानपुरिया के संपर्क में आया।
भारत के गृह मंत्रालय ने भी गोल्डी बराड़ को पहले ही आतंकवादी घोषित किया है। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, वह कनाडा से अपनी आपराधिक गतिविधियां संचालित करता रहा है और उसके संबंध बब्बर खालसा जैसे प्रतिबंधित संगठनों से भी जोड़े गए हैं।
Comments are closed.