फ्लाईदुबई हमले के को-पायलट की पहचान हुई, कट्टरपंथी विचारों के चलते ओमान एयर ने उड़ान से किया था बैन

2

फ्लाईदुबई को-पायलट हमाम अलहामामी की पहचान, कट्टरपंथी विचारों के चलते ओमान एयर ने हटाया था ट्रेनिंग से

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर कथित जानलेवा हमला करने वाले ओमानी को-पायलट की पहचान हमाम अलहामामी के रूप में हुई है। घटना के बाद अलहामामी को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की जांच आतंकवाद के संभावित एंगल से की जा रही है।

ओमान एयर ने ट्रेनिंग से हटाया था

अल अरबिया इंग्लिश की रिपोर्ट के मुताबिक, अलहामामी को कथित चरमपंथी विचारों को लेकर सुरक्षा संबंधी चिंताओं के कारण पहले ओमान में विमान उड़ाने से रोक दिया गया था। इसके बाद उसने ओमान छोड़ दिया और लंबे समय तक सीरिया में रहा। रिपोर्ट के अनुसार, सीरिया में रहने के दौरान उसके चरमपंथी विचारधारा के संपर्क में आने की आशंका जताई गई, जिसके बाद वह यूएई चला गया।

CNN के अनुसार, पिछले साल ओमान की राष्ट्रीय एयरलाइन ओमान एयर ने भी अलहामामी को उसके कथित कट्टरपंथी विचारों के चलते ट्रेनिंग भूमिका से हटा दिया था। एक क्षेत्रीय राजनयिक सूत्र के मुताबिक, प्रशिक्षण से हटाए जाने के बाद उसे एयरलाइन में गैर-उड़ान संबंधी काम सौंपा गया था।

सामान से मिला फिलिस्तीन समर्थक साहित्य

i24 News की रिपोर्ट के अनुसार, जांच अधिकारियों को अलहामामी के निजी सामान से ‘Free Palestine’ से जुड़े पर्चे और फिलिस्तीन समर्थक दस्तावेज मिले हैं। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि वह सार्वजनिक और निजी तौर पर फिलिस्तीन के समर्थन तथा इजरायल के विरोध में अपनी राय व्यक्त करता रहा था।

सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि विमान में हुआ हमला किसी सुनियोजित आतंकी साजिश का हिस्सा था या इसके पीछे कट्टरपंथी विचारधारा की भूमिका थी।

तेल अवीव जाने वाली फ्लाइट में सुरक्षा मंजूरी पर सवाल

घटना के बाद एक अहम सवाल यह है कि एक ओमानी नागरिक को तेल अवीव जाने वाली फ्लाइट के चालक दल में शामिल होने की अनुमति कैसे मिली। ओमान और इजरायल के बीच राजनयिक संबंध नहीं हैं और ओमान ने इजरायल को आधिकारिक तौर पर मान्यता नहीं दी है।

इजरायली अधिकारियों के मुताबिक, शिन बेट, मोसाद, इजरायली सेना और परिवहन मंत्रालय समेत कई एजेंसियां इस घटना की सुरक्षा जांच कर रही हैं।

कौन है हमाम अलहामामी?

हमाम अलहामामी ओमान का नागरिक है और उसका जन्म यूएई में हुआ था। उसके पिता ओमानी और मां सीरियाई नागरिक हैं। जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, उसके पास किसी अन्य देश की दोहरी नागरिकता नहीं है।

अलहामामी ने करीब आठ महीने पहले ही फ्लाईदुबई में काम शुरू किया था। इससे पहले वह मोरक्को की राष्ट्रीय एयरलाइन रॉयल एयर मारोक के लिए पायलट के तौर पर काम कर चुका था।

सऊदी अरब के तबूक में विमान की आपात लैंडिंग के बाद अलहामामी को हिरासत में लिया गया और बाद में यूएई को सौंप दिया गया। वहां उसके खिलाफ आतंकवाद से जुड़ी धाराओं के तहत जांच की जा रही है।

कॉकपिट में क्या हुआ था?

यह घटना 30 सितंबर को हुई, जब फ्लाईदुबई का विमान दुबई से तेल अवीव जा रहा था। उड़ान के दौरान कॉकपिट में मौजूद अलहामामी ने मुख्य पायलट कैप्टन स्मित मच्छार पर अचानक हमला कर दिया। जांच एजेंसियां इस हमले को विमान को नुकसान पहुंचाने या दुर्घटनाग्रस्त करने की कथित कोशिश के तौर पर देख रही हैं।

कॉकपिट में हुए संघर्ष के दौरान विमान तेजी से नीचे आने लगा और करीब दो मिनट में लगभग 16,000 फीट की ऊंचाई खो दी। इसके बाद विमान से हाइजैकिंग से जुड़ा आपातकालीन डिस्ट्रेस सिग्नल भेजा गया।

गंभीर चोटों के बावजूद कैप्टन मच्छार ने अलहामामी का सामना किया और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफल रहे। दरवाजा खुलते ही केबिन क्रू और यात्रियों ने कॉकपिट में पहुंचकर आरोपी को काबू कर लिया।

इसी उड़ान में मौजूद दो ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने भी विमान का नियंत्रण संभालने में मदद की। इसके बाद विमान को सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। विमान में सवार सभी 180 लोग सुरक्षित बच गए।

Comments are closed.