2000 करोड़ के कफ सिरप तस्करी मामले में बड़ी कार्रवाई, सरगना शुभम का करीबी वाराणसी से गिरफ्तार

5

2000 करोड़ के कफ सिरप मामले में बड़ा खुलासा, शुभम जायसवाल को अनुभव प्रमाणपत्र देने वाला विकास सिंह गिरफ्तार

दो हजार करोड़ रुपये के कफ सिरप तस्करी मामले में वाराणसी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरगना शुभम जायसवाल को ड्रग लाइसेंस हासिल करने में मदद करने के आरोप में विकास सिंह को गिरफ्तार किया है। रोहनिया पुलिस ने रविवार को कायस्थ टोला प्रह्लादघाट निवासी विकास सिंह को उसके घर से पकड़ा।

पुलिस के मुताबिक, विकास सिंह ने कथित तौर पर झारखंड के रांची में ड्रग लाइसेंस हासिल करने के लिए शुभम जायसवाल को दो साल के अनुभव का प्रमाणपत्र उपलब्ध कराया था। विकास मूल रूप से कायस्थ टोला का रहने वाला है और वहां बिजली उपकरणों की एक छोटी दुकान चलाता था।

जांच में सामने आया कि विकास सिंह ने रांची में करीब दो महीने के लिए थ्री बीएचके फ्लैट किराये पर लिया था। आरोप है कि शुभम के पिता भोला प्रसाद की मदद से उसने ड्रग लाइसेंस हासिल किया और शांभवी फार्मा के नाम से दवा एजेंसी शुरू की। इसके बाद उसने शुभम जायसवाल को ड्रग लाइसेंस के लिए जरूरी दो वर्ष का अनुभव प्रमाणपत्र जारी किया।

500 पेटी कफ सिरप की बरामदगी से खुला कनेक्शन

रोहनिया पुलिस कफ सिरप की 500 पेटियों की बरामदगी के मामले की जांच के सिलसिले में रांची पहुंची थी। वहां ड्रग विभाग से जानकारी जुटाने के दौरान विकास सिंह की भूमिका सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उसे मामले में आरोपी बनाते हुए गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, विकास सिंह का बेटा वरुण सिंह भी कफ सिरप तस्करी मामले में आरोपी है। उसके शुभम जायसवाल के साथ दुबई भाग जाने की चर्चा है, जिसके चलते पुलिस अब तक उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी है।

पत्नी और शराब लाइसेंसी से भी पूछताछ

कफ सिरप मामले की जांच के दौरान पुलिस ने विकास सिंह की पत्नी और एक शराब लाइसेंसी को भी गिरफ्तार किया था। जांच में वरुण सिंह के बैंक खाते में संदिग्ध लेनदेन की जानकारी सामने आने की बात भी पुलिस ने कही है।

जांच के मुताबिक, विकास सिंह की ओर से उपलब्ध कराए गए अनुभव प्रमाणपत्र के आधार पर शुभम जायसवाल ने रांची की शैली ट्रेडर्स में कंपिटेंट पर्सन के तौर पर अपनी भूमिका बनाई। आरोप है कि इसके बाद उसने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर बड़ी मात्रा में फेंसाडिल कफ सिरप की तस्करी की।

पुलिस अब विकास सिंह की भूमिका, उसके बेटे वरुण सिंह से जुड़े वित्तीय लेनदेन और शुभम जायसवाल के साथ उसके कथित नेटवर्क की आगे जांच कर रही है।

Comments are closed.