बिहार के 10 मजदूर MP में बंधक, ठेकेदार पर जबरन काम कराने का आरोप; वीडियो जारी कर मांगी मदद

1

बिहार के गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर और मांझा प्रखंड के अलग-अलग गांवों के करीब 10 कामगारों को रोजगार दिलाने के नाम पर मध्य प्रदेश ले जाकर बंधक बनाने का मामला सामने आया है।

आरोप है कि मांझागढ़ थाना क्षेत्र के धामापाकड़ गांव का रहने वाला एक ठेकेदार मजदूरों को रतलाम ले गया, जहां उनसे उनकी इच्छा के विरुद्ध काम कराया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि सभी कामगार फिलहाल मध्य प्रदेश के रतलाम में हैं। मजदूरों ने एक वीडियो जारी कर अपनी स्थिति बताई और जिला प्रशासन से उन्हें सुरक्षित वापस घर पहुंचाने की अपील की है।

घर लौटना चाहते हैं मजदूर

कामगारों का आरोप है कि उन्हें ठेकेदार काम दिलाने के लिए मध्य प्रदेश लेकर गया था, लेकिन वहां पहुंचने के बाद परिस्थितियां बदल गईं। मजदूरों का कहना है कि वे वापस घर आना चाहते हैं, लेकिन उन्हें लौटने की अनुमति नहीं दी जा रही है और कथित तौर पर जबरन काम कराया जा रहा है।

मजदूरों के वीडियो सामने आने के बाद उनके परिजनों की चिंता बढ़ गई है। परिवार के सदस्यों ने भी प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर सभी कामगारों को सुरक्षित घर लाने की मांग की है।

प्रशासन ने शुरू की कार्रवाई

मामले की जानकारी मिलने के बाद जिला प्रशासन ने मजदूरों की सुरक्षित वापसी के लिए पहल शुरू कर दी है। संबंधित अधिकारियों की ओर से मध्य प्रदेश में मौजूद कामगारों की स्थिति का पता लगाने और उनसे संपर्क स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रशासन पूरे मामले की जानकारी जुटाने के साथ-साथ मजदूरों को वापस लाने के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है। वहीं, ठेकेदार की भूमिका और कामगारों की ओर से लगाए गए बंधक बनाने तथा जबरन काम कराने के आरोपों की भी जांच की जा रही है।

फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता सभी कामगारों की सुरक्षा सुनिश्चित कर उन्हें जल्द से जल्द उनके घर पहुंचाना है।

Comments are closed.