दाऊद इब्राहिम के भाई के कुर्क फ्लैट पर कब्जे की कोशिश, ED ने दर्ज कराई FIR

2

दाऊद के भाई इकबाल कासकर के कुर्क फ्लैट पर कब्जे की कोशिश, ED ने दर्ज कराई FIR

जबरन वसूली से जुड़े मामले में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के छोटे भाई इकबाल कासकर के ठाणे स्थित कुर्क फ्लैट पर कुछ लोगों ने कथित तौर पर अवैध कब्जा करने की कोशिश की। घटना के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए एफआईआर दर्ज कराई है।

एक अधिकारी के मुताबिक, वर्ष 2022 में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के दौरान ईडी के मुंबई जोनल कार्यालय-1 ने इस फ्लैट को कुर्क किया था। यह संपत्ति जांच एजेंसी की कार्रवाई के बाद उसके कब्जे में थी।

फ्लैट का ताला तोड़कर हटाया नोटिस
ईडी को जानकारी मिली कि कुछ लोगों ने फ्लैट का ताला तोड़ दिया और वहां लगाया गया एजेंसी के कब्जे से संबंधित नोटिस भी हटा दिया। इसके बाद अधिकारियों ने कुर्क संपत्ति का निरीक्षण किया और मामले को विशेष पीएमएलए अदालत के सामने रखा।

मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने ईडी को निर्देश दिया कि आवश्यकता पड़ने पर पुलिस की सहायता से संपत्ति का कब्जा दोबारा बहाल कराया जाए।

पुलिस की मौजूदगी में बहाल हुआ कब्जा
अदालत के निर्देशों के तहत ईडी ने पुलिसकर्मियों और गवाहों की मौजूदगी में फ्लैट का ताला बदलवाया और संपत्ति पर अपना कब्जा बहाल किया। इसके साथ ही परिसर में नया नोटिस भी लगाया गया।

ईडी ने फ्लैट पर कब्जा करने की कोशिश करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए 15 अक्टूबर को ठाणे के कासारवडवली पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कराई। मामले में आगे की कार्रवाई संबंधित पुलिस अधिकारियों द्वारा की जाएगी।

Comments are closed.